Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज, दुर्ग। सर्वोच्च न्यायालय (Supreme Court) ने ऐतिहासिक फैसला सुनाते हुए जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित बघेल, छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अजय यादव और प्रदेश महासचिव दिनेश वर्मा की नियमित जमानत याचिका को मंजूर कर लिया है। छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के पूर्व आदेश को निरस्त करते हुए देश की शीर्ष अदालत ने स्पष्ट किया कि जब मामले में आरोप पत्र (Chargesheet) दाखिल हो चुका है और जांच पूरी हो चुकी है, तो आरोपियों को अनिश्चितकाल तक जेल में रखना न्यायसंगत नहीं है।
दुर्ग शहर में फूटा कार्यकर्ताओं का उत्साह, ग्रीन चौक और कचहरी चौक पर बंटी मिठाई:सर्वोच्च न्यायालय से शीर्ष नेतृत्व को जमानत मिलने की खबर सुनते ही छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना (CKS) दुर्ग शहर के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा गया।
इस ऐतिहासिक जीत की खुशी में आज CKS दुर्ग शहर के द्वारा ग्रीन चौक और कचहरी चौक के पास इकट्ठा होकर जोरदार आतिशबाजी की गई। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया और आम जनता तथा राहगीरों को मिठाई बांटकर अपनी खुशी का इजहार किया।
इस दौरान “छत्तीसगढ़िया एकता जिंदाबाद” और “जय जोहार” के गगनभेदी नारे गूंजते रहे।षड्यंत्रकारियों के मुंह पर करारा तमाचा,
यह न्याय और छत्तीसगढ़िया अस्मिता की जीत है:छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना और जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी इस फैसले का सहर्ष स्वागत करती है।
सरकार और स्थानीय प्रशासन ने हमारे शीर्ष नेतृत्व को फंसाने की पूरी कोशिश की थी। परंतु, सर्वोच्च न्यायालय के समक्ष शासन पक्ष उनके खिलाफ कोई भी ठोस या पर्याप्त सबूत पेश करने में पूरी तरह नाकाम रहा। यह आदेश साबित करता है कि हमारे नेताओं को केवल छत्तीसगढ़िया समाज, मूलनिवासियों के अधिकारों और स्थानीय अस्मिता की आवाज उठाने के कारण राजनीतिक द्वेष के तहत निशाना बनाया जा रहा था।साढ़े आठ महीने का संघर्ष और न्यायालय की शर्तों का सम्मान:हमारे नेता लगभग साढ़े आठ महीने से जेल में बंद रहकर इस दमनकारी नीति के खिलाफ लड़ रहे थे। अब बलौदाबाजार प्रकरण में भी राहत मिलने के बाद हमारे सभी क्रांतिवीरों की ससम्मान रिहाई का मार्ग पूरी तरह साफ हो गया है। शीर्ष अदालत द्वारा लगाई गई शर्तों के अनुसार, अमित बघेल जी आगामी 3 महीनों तक रायपुर जिले की सीमा में प्रवेश नहीं करेंगे। संगठन न्यायपालिका के इस निर्देश और सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पूरी निष्ठा के साथ सम्मान और पालन करेगा।कार्यकर्ताओं और छत्तीसगढ़िया समाज का आभार:संगठन इस कठिन समय में अटूट विश्वास बनाए रखने के लिए छत्तीसगढ़ के करोड़ों मूलनिवासियों, समस्त सामाजिक संगठनों और दिन-रात संघर्ष करने वाले जांबाज कार्यकर्ताओं का हृदय से आभार व्यक्त करता है। हमारा यह वैचारिक आंदोलन छत्तीसगढ़ महतारी के सम्मान और स्थानीय युवाओं के अधिकारों के लिए आगे भी लोकतांत्रिक ढंग से जारी रहेगा।



