Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज/अमित दुबे
बिलासपुर। नगरपालिका परिषद रतनपुर के नवनियुक्त पांच एल्डरमैन लोकेश्वर तिवारी,सुरेश सोनी, संतोष यादव, दिनेश प्रभाकर,विनोद जायसवाल, का शपथ ग्रहण समारोह सोमवार को महामाया देवी भागवत मंच में गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। समारोह में जनप्रतिनिधियों, संगठन पदाधिकारियों, पार्षदों, कार्यकर्ताओं एवं बड़ी संख्या में नगरवासियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। शपथ ग्रहण के साथ ही सभी एल्डरमैन ने नगरहित, जनसेवा तथा संविधान के प्रति पूर्ण निष्ठा रखते हुए अपने दायित्वों का ईमानदारी एवं निष्पक्षता से निर्वहन करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री प्रबल प्रताप सिंह जूदेव रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में भाजपा ग्रामीण जिला अध्यक्ष श्री मोहित जायसवाल, भाजपा रतनपुर मंडल अध्यक्ष श्री दुर्गा (बबलू) कश्यप, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्री लवकुश कश्यप तथा भाजपा बेलगहना मंडल अध्यक्ष श्री राजू सिंह उपस्थित रहे। समारोह में नगर पालिका के सभी वार्डों के पार्षद, भाजपा के पदाधिकारी, वरिष्ठ कार्यकर्ता, सामाजिक प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।

शपथ ग्रहण के बाद अतिथियों ने नवनियुक्त एल्डरमैन का पुष्पगुच्छ एवं माल्यार्पण कर अभिनंदन किया तथा उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
मुख्य अतिथि श्री प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने अपने संबोधन में कहा कि एल्डरमैन का दायित्व केवल एक पद नहीं, बल्कि जनता के विश्वास और अपेक्षाओं का सम्मान है। उन्होंने कहा कि सभी नवनियुक्त सदस्य नगर के विकास, पारदर्शिता और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य करें, ताकि रतनपुर को विकास की नई पहचान मिल सके।
भाजपा ग्रामीण जिला अध्यक्ष श्री मोहित जायसवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा सेवा, सुशासन और विकास की राजनीति में विश्वास रखती है। उन्होंने कहा कि एल्डरमैन जनता और नगर पालिका के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करेंगे तथा शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
भाजपा मंडल अध्यक्ष श्री दुर्गा (बबलू) कश्यप ने कहा कि रतनपुर एक धार्मिक एवं ऐतिहासिक नगरी है, जिसके सर्वांगीण विकास के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नवनियुक्त एल्डरमैन संगठन की भावना और जनहित को सर्वोपरि रखते हुए नगर के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भागीदारी निभाएंगे।
नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्री लवकुश कश्यप ने कहा कि नवगठित टीम के सहयोग से नगर में विकास कार्यों को और अधिक गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि स्वच्छता, पेयजल, सड़क, प्रकाश व्यवस्था सहित नागरिक सुविधाओं के विस्तार और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सभी मिलकर समन्वय के साथ कार्य करेंगे।
पूरे समारोह के दौरान उत्साह और उल्लास का वातावरण बना रहा। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने सभी नवनियुक्त एल्डरमैन को उज्ज्वल कार्यकाल की बधाई शुभकामनाएं दीं तथा नगरवासियों से रतनपुर के विकास में सक्रिय सहयोग की अपील की। अंत में सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, संगठन पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं उपस्थित नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।



