Oplus_131072
कांकेर जिला पंचायत सभा कक्ष में आयोजित सम्मान समारोह में जिलाधीश और जिला पंचायत सीईओ ने वितरित किए प्रमाण-पत्र, 100 से अधिक छात्राएँ एवं वालंटियर्स हुईं सम्मानित।
बुलंद टाइम्स न्यूज/कन्हैया सिंह ठाकुर
कांकेर। सेकंड चांस प्रोग्राम के अंतर्गत 10वीं एवं 12वीं कक्षा में उत्तीर्ण हुई छात्राओं एवं भाषा की कैंप में वालंटियर्स के सम्मान में एक गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कांकेर के जिलाधीश श्री निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) श्री हरेश मांडवी द्वारा छात्राओं को प्रमाण-पत्र (सर्टिफिकेट) वितरित किए गए। समारोह में लगभग 250 छात्राएँ एवं अन्य प्रतिभागी उपस्थित रहे।
सेकंड चांस कार्यक्रम प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन द्वारा संचालित एक महत्वपूर्ण शैक्षिक पहल है। इस कार्यक्रम के माध्यम से उन किशोरियों और महिलाओं को पुनः शिक्षा से जोड़ने का अवसर प्रदान किया जाता है, जो किसी कारणवश अपनी नियमित शिक्षा बीच में छोड़ चुकी हैं या ड्रॉपआउट हो गई हैं। यह कार्यक्रम उन्हें 10वीं तथा उसके बाद 12वीं की शिक्षा पूरी करने का अवसर उपलब्ध कराता है।
अब तक कांकेर और चारामा ब्लॉक में कुल मिलाकर लगभग 1,300 छात्राएँ इस कार्यक्रम से लाभान्वित हो चुकी हैं। प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन एक गैर-सरकारी संगठन है, जो वर्ष 2007 से छत्तीसगढ़ में शिक्षा एवं रोजगार के क्षेत्र में कार्य कर रहा है। संस्था द्वारा विभिन्न आयु वर्गों के लिए अनेक कार्यक्रम संचालित किए जाते हैं, जिनमें प्री-प्राइमरी, प्राइमरी, मिडिल, ड्रॉपआउट विद्यार्थियों, युवाओं के लिए प्रशिक्षण तथा रोजगारोन्मुखी कार्यक्रम शामिल हैं। बच्चों में बुनियादी भाषा को बेहतर बनाने के लिए वालंटियर्स आधारित भाषा का कैंप भी किया गया| इस कैंप में परिणाम स्वरुप बच्चों में भाषा के तहत कहानी पढ़ने को लेकर बहुत सुधार देखा गया|
अपने उद्बोधन में जिलाधीश श्री निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर ने सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि शिक्षा केवल 10वीं या 12वीं तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा की ओर भी अग्रसर होना चाहिए। उन्होंने कहा कि ड्रॉपआउट होने के बाद पुनः शिक्षा से जुड़कर पढ़ाई पूरी करना अपने आप में एक प्रेरणादायक और क्रांतिकारी कदम है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से निरंतर अध्ययन करने और जीवन में आगे बढ़ते रहने का आह्वान किया।साथ ही जितने भी वालंटियर्स के कार्यों की सराहना करते हुए बेहतर समाज एवं शिक्षा में बदलाव का हिस्सा बनने के लिए उन्हें प्रेरित किया गया|
जिलाधीश महोदय ने यह भी कहा कि जिले में शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए जिला प्रशासन निरंतर प्रयासरत है। इस कार्य में जब भी किसी प्रकार के सहयोग की आवश्यकता होगी, जिला प्रशासन हर संभव सहायता प्रदान करेगा।इस सफल कार्यक्रम के आयोजन में चंद्रभान पाल, पंकज, नीतू, कमल, ओमप्रकाश, भारती, तेजेश्वर, असलम, विकास, एशक सहित अन्य टीम सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम की संपूर्ण जानकारी सेकंड चांस कार्यक्रम प्रमुख धनेश भास्कर एवं हमारा गाँव कार्यक्रम प्रमुख तिजेश सिन्हा के द्वारा प्रस्तुत की गई।




