Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज/अनीष मिश्रा
रायपुर। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के जिला रायपुर कार्यालय में गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संगठन के सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे और राष्ट्रध्वज तिरंगा फहराकर देश की स्वतंत्रता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम के दौरान देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं वीर शहीद जवानों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। वक्ताओं ने शहीदों के अदम्य साहस, त्याग और शौर्य को याद करते हुए कहा कि आज हम जिस स्वतंत्र एवं लोकतांत्रिक भारत में सांस ले रहे हैं, उसके पीछे असंख्य वीरों का बलिदान है।
इस अवसर पर आजादी के मूल्यों, राष्ट्र की एकता-अखंडता, लोकतंत्र और देश के प्रति नागरिकों के कर्तव्यों पर भी चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने कहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकारों का नाम नहीं, बल्कि देश के प्रति जिम्मेदारियों और कर्तव्यों को निभाने का भी संकल्प है।
कार्यक्रम में पार्टी संगठन को मजबूत करने, समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने तथा राष्ट्रहित एवं जनसेवा के कार्यों को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया गया।
अंत में सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने देश की एकता, अखंडता और संविधान के मूल्यों की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प लिया। कार्यक्रम राष्ट्रगान एवं भारत माता के जयघोष के साथ संपन्न हुआ।




