Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज/अमित दुबे
रतनपुर। स्वामी आत्मानंद कन्या उत्कृष्ट हिंदी माध्यमिक विद्यालय रतनपुर में स्वतंत्रता दिवस का राष्ट्रीय पर्व हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत छात्राओं द्वारा निकाली गई प्रभात फेरी से हुई। भारत माता के जयघोष और देशभक्ति नारों के साथ छात्राओं ने नगर में उत्साह का माहौल बनाया।
विद्यालय परिसर में आयोजित मुख्य समारोह में नगर पालिका परिषद रतनपुर की उपाध्यक्ष बिन्नू निराला एवं वार्ड क्रमांक 4 के पार्षद सुनील अग्रवाल ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया। ध्वजारोहण के पश्चात उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्रगान गाया और राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सम्मान बनाए रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर पार्षद सुनील अग्रवाल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का दिन नहीं, बल्कि देश के लिए बलिदान देने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों को याद करने और उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारने का अवसर है। उन्होंने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थी देश का भविष्य हैं। शिक्षा, अनुशासन और संस्कार के साथ आगे बढ़कर वे राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए मेहनत और लगन से आगे बढ़ने का आह्वान किया।
नगर पालिका उपाध्यक्ष बिन्नू निराला ने कहा कि आजादी हमें लंबे संघर्ष और असंख्य वीरों के बलिदान के बाद मिली है। हमें स्वतंत्रता के महत्व को समझते हुए देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में अपना योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि बेटियां आज शिक्षा, खेल, विज्ञान सहित हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने छात्राओं से आत्मविश्वास के साथ शिक्षा प्राप्त कर अपने परिवार, समाज और देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
समारोह के दौरान विद्यालय की छात्राओं ने देशभक्ति गीत, भाषण और नाटक सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। छात्राओं की आकर्षक प्रस्तुतियों ने उपस्थित अभिभावकों, शिक्षकों और अतिथियों का मन मोह लिया। पूरे विद्यालय परिसर में भारत माता के जयघोष और देशभक्ति नारों से वातावरण गूंजायमान रहा।
विद्यालय के प्राचार्य शरणजीत बग्गा ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और त्याग से प्रेरणा लेकर अपने जीवन में अनुशासन, ईमानदारी और राष्ट्रप्रेम को अपनाना चाहिए। उन्होंने विद्यालय के समस्त स्टाफ एवं विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम में शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष रविंद्र दुबे, कन्हैया यादव, रोहिणी बैसवाडे, इंदु यादव, पुष्पा तिवारी, स्वीटी शर्मा, विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।
समारोह का समापन देश की एकता, अखंडता और प्रगति के संकल्प के साथ हुआ। स्वतंत्रता दिवस के इस आयोजन ने विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत किया।




