Oplus_131072
नगर की सड़कों पर जगह-जगह गड्ढे बने मुसीबत, नेशनल हाईवे में जाम किसानों के चेहरे खिले।
बुलंद टाइम्स न्यूज/दीपक साहू
मैनपुर। भादो महीने के दूसरे ही दिन मौसम ने अपना मिजाज बदल लिया शनिवार सुबह से मैनपुर नगर सहित क्षेत्र के कई हिस्सों में झमाझम बारिश का दौर जारी रहा। कई क्षेत्रों में झमाझम बारिश होने से जनजीवन प्रभावित हुआ। बारिश से जहां किसानों को राहत मिली है खरीफ फसलों के लिए इसे फायदेमंद माना और निचली बस्तियों में रहने वाले लोगों परेशानी बढ़ गई है। सुबह से लगातार हो रही बारिश के कारण नगर व ग्रामीण क्षेत्र के कई सड़कों पर पानी और कीचड़ जमा हो गया। जगह-जगह सड़क पर बने गड्ढों में पानी भर जाने से वाहन चालकों को उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पा रहा है। दोपहिया वाहन चालकों के लिए स्थिति ज्यादा परेशानी वाली रही। कई प्रमुख और संपर्क मार्गों पर गड्ढों के कारण लोगों को धीमी गति से आवागमन करना पड़ा। ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों के लिए यह बारिश राहत लेकर आई है। खरीफ की फसलों के लिए इस समय पानी की आवश्यकता है। बारिश से खेतों में नमी बढ़ने के साथ फसलों को फायदा मिलने की उम्मीद है। लगातार बारिश होने से धान सहित अन्य खरीफ फसलों की स्थिति बेहतर होने की संभावना है। हालांकि जरूरत से ज्यादा बारिश होने पर खेतों में जलभराव की समस्या भी पैदा हो सकती है। ऐसे में किसानों को मौसम की स्थिति पर नजर बनाए रखने की जरूरत है।
मैनपुर वनांचल क्षेत्र में कुदरत का रौद्र रूप देखने को मिल रहा है। पिछले 24 घंटों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से पूरा जनजीवन बुरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। चारों तरफ पानी लबालब भर गया है और नदी-नाले उफान पर हैं। बारिश के रौद्र रूप का सबसे ज्यादा असर आवागमन पर पड़ा है। नेशनल हाईवे 130 सी (मैनपुर-देवभोग मार्ग) पर एक विशालकाय पेड़ धाराशायी होकर सड़क पर गिर गया, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग पर लंबा जाम लग गया है। सड़क के दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गई हैं। प्रशासन की टीम पेड़ हटाकर रास्ता बहल किया। मौसम विभाग की चेतावनी और जमीनी हालात को देखते हुए स्थानीय प्रशासन अलर्ट मोड पर है। उफनते नदी-नालों के पास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं और ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर रहने तथा बहते पानी को पार न करने की सलाह दी गई है।




