सुरेश सोनी की रिपोर्ट :-
नारायणपुर, 06 अक्टूबर 2026 // बस्तर संभाग में लगातार तीन दिनों तक हुई बारिश के कारण विभिन्न क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति निर्मित हुई थी। इस दौरान भारी बारिश और तेज जल बहाव से भरंडा-हुच्चाकोट मार्ग पर स्थित 72 मीटर लंबी पुलिया का एप्रोच रोड क्षतिग्रस्त हो गया था, जिससे मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया था। प्रशासन की तत्परता से महज सात दिनों के भीतर क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत पूर्ण कराकर मार्ग पर आवागमन पुनः बहाल कर दिया गया है।
ग्रामीणों की सुविधा तथा आवश्यक सेवाओं की निर्बाध आवाजाही को ध्यान में रखते हुए लोक निर्माण विभाग ने क्षतिग्रस्त एप्रोच रोड की तत्काल मरम्मत कराया । लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता अहमद नवाज दानिस के नेतृत्व में जेसीबी एवं अन्य संसाधनों की सहायता से मरम्मत कार्य युद्धस्तर पर कराया गया और सात दिनों के भीतर मार्ग को आवागमन के लिए बहाल कर दिया गया।

मार्ग क्षतिग्रस्त होने से आसपास के गांवों के ग्रामीणों को दैनिक आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। इस संबंध में समाचार पत्र में भी समस्या प्रकाशित हुई थी। प्रशासन द्वारा त्वरित संज्ञान लेते हुए मरम्मत कार्य पूर्ण कराए जाने से अब समस्या का निराकरण हो गया है।
मार्ग बहाल होने से आसपास के गांवों के लोगों को आवागमन में राहत मिली है। इसके साथ ही स्कूली बच्चों की आवाजाही तथा एम्बुलेंस सहित अन्य आवश्यक सेवाओं की पहुंच भी सुगम हो गई है।




