अमित दुबे की रिपोर्ट :-
कोटा, बिलासपुर। अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘प्रहार’ के तहत थाना कोटा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में कुल 133 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ शराब परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की है। जब्त शराब की कुल कीमत करीब 26,600 रुपये बताई गई है।
यह कार्रवाई बिलासपुर उ म नि एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह एवं अनुभागीय अधिकारी पुलिस कोटा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में की गई। थाना कोटा प्रभारी प्रशिक्षु उप निरीक्षक दिलीप कुमार साहू ने पुलिस टीम गठित कर मुखबिर से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर दोनों मामलों में त्वरित कार्रवाई की।
गनियारी में झोपड़ी से 113 लीटर महुआ शराब बरामद
पहली कार्रवाई में पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि गनियारी के बांधा तालाब के पास एक व्यक्ति द्वारा अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब रखकर बिक्री की जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की और आरोपी विरेन्द्र वर्मा (34 वर्ष), निवासी गनियारी को पकड़ा।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे एवं उसकी झोपड़ी से 113 लीटर अवैध हाथ भट्टी कच्ची महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 22,600 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत पूर्व में भी चार मामले दर्ज हैं।
मोटरसाइकिल से शराब परिवहन करते आरोपी गिरफ्तार
दूसरी कार्रवाई में पुलिस को सूचना मिली कि बिल्लीबंद से नवागांव की ओर मोटरसाइकिल से कच्ची महुआ शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने नाका चौक के पास घेराबंदी की।
इसी दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी लेने पर आरोपी बृजभूषण उर्फ मुकेश कुमार जगत (30 वर्ष), निवासी नवागांव के कब्जे से 20 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। शराब की अनुमानित कीमत करीब 4,000 रुपये बताई गई है। शराब परिवहन में प्रयुक्त बजाज डिस्कवर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 EF 3831 को भी पुलिस ने जब्त कर लिया।
दोनों मामलों में 133 लीटर शराब जब्त
कोटा पुलिस की दोनों कार्रवाइयों में कुल 133 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। कार्रवाई के दौरान ई-साक्ष्य ऐप के माध्यम से डिजिटल साक्ष्य भी सुरक्षित किए गए।
गिरफ्तार दोनों आरोपियों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
पूरी कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक, प्रधान आरक्षक सत्यप्रकाश यादव, भुनेश्वर मरावी तथा आरक्षक सुनील पटेल, मोहन ध्रुव, महेंद्र रजवाड़े एवं धर्मेंद्र साहू की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।
कोटा पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन में संलिप्त लोगों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।




