सुरेश सोनी की रिपोर्ट :-
नारायणपुर: अबूझमाड़ क्षेत्र में सुरक्षा बलों के संयुक्त तलाशी अभियान के दौरान नारायणपुर पुलिस और 29वीं वाहिनी आईटीबीपी को बड़ी सफलता मिली है। भटबेड़ा क्षेत्र में तलाशी के दौरान सुरक्षा बलों ने 6 प्रेशर कुकर आईईडी और 1 पाइप बम आईईडी बरामद किया। बरामद विस्फोटक सामग्री को बम निरोधक एवं निष्क्रियता दल ने सुरक्षा मानकों के तहत मौके पर ही सुरक्षित रूप से नष्ट कर दिया।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई 5 अक्टूबर 2026 को पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल, 29वीं वाहिनी आईटीबीपी के कमान अधिकारी अभिषेक सूद और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) अक्षय साबद्रा के मार्गदर्शन में की गई।
संयुक्त टीम ने रैनार कैंप से माक्सोली–भाटबेड़ा–रैनार क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान सुरक्षा बलों को कुछ संदिग्ध वस्तुएं दिखाई दीं। इलाके को तत्काल सुरक्षित कर आसपास के क्षेत्र में विस्तृत तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान एक संदिग्ध डंप से 6 प्रेशर कुकर आईईडी और 1 पाइप बम आईईडी बरामद हुआ।
तलाशी के दौरान आईईडी निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी बरामद की गई। इसमें 1 मल्टीमीटर, 1 पेचकस, 1 सोल्डरिंग तार, 1 सोल्डरिंग आयरन और 3 वाहन खोलने की चाबियां शामिल हैं।
बरामद विस्फोटकों को बम निरोधक एवं निष्क्रियता दल ने आवश्यक सावधानियों के साथ मौके पर ही नष्ट कर दिया। इस कार्रवाई का नेतृत्व सहायक उप निरीक्षक मोहन ने किया।
सुरक्षा बलों का कहना है कि अबूझमाड़ क्षेत्र में लगातार सघन तलाशी और क्षेत्र सैनिटाइजेशन अभियान जारी है। संयुक्त अभियान के जरिए संदिग्ध गतिविधियों और विस्फोटक सामग्री की तलाश की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, इस कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिली है।




