न्यूज रिपोर्ट
कन्हैया सिंह ठाकुर चारामा
चारामा। ग्राम सिरसिदा में बारिश के दौरान बार-बार पुलिया टूटने की समस्या को लेकर ग्रामीणों ने मंगलवार को चारामा-कोरर चौक स्थित NH-30 पर धरना प्रदर्शन कर चक्का जाम किया। ग्रामीणों ने स्थायी पुलिया निर्माण की स्वीकृति देने की मांग करते हुए शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
जानकारी के अनुसार, सिरसिदा के पटेलपारा से शीतलापारा जाने वाले मार्ग पर प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत बनी सड़क पर स्थित पुलिया अतिवृष्टि और पानी के तेज बहाव के कारण टूट गई है। इससे दोनों पारा के ग्रामीणों को चारामा आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि हर साल बारिश के दौरान बाढ़ आने से पुलिया क्षतिग्रस्त हो जाती है। कई बार प्रशासन का ध्यान इस समस्या की ओर दिलाया गया, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो पाया।
ग्रामीणों ने NH-30 पर किया चक्का जाम
स्थायी पुलिया निर्माण की मांग को लेकर सरपंच कैलाश कवाची, पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों के संयुक्त नेतृत्व में दोपहर करीब 1:15 बजे चारामा-कोरर चौक पर चक्का जाम कर धरना शुरू किया गया। इस दौरान ग्रामीणों ने “सिरसिदा पुल बनाया जाए” के नारे लगाए।
धरना स्थल पर भानुप्रतापपुर विधायक श्रीमती सावित्री मांडवी और नगर पंचायत चारामा अध्यक्ष भुवनेश्वर नाराज भी उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने अपनी मांगों को लेकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।
एक महीने में स्वीकृति का आश्वासन
मौके पर एसडीएम नरेंद्र बंजारा, तहसीलदार सत्येंद्र शुक्ला और थाना प्रभारी सुरेश राठौर मौजूद रहे। एसडीएम नरेंद्र बंजारा ने ग्रामीणों को पुलिया निर्माण की स्वीकृति के लिए एक महीने का समय दिए जाने का आश्वासन दिया।
प्रशासन के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने दोपहर करीब 1:46 बजे चक्का जाम समाप्त कर दिया। इसके बाद NH-30 पर आवागमन सुचारू रूप से शुरू हो गया।




