याद राम साहू की रिपोर्ट :-
गुंडरदेही : आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता के चलते हाल ही में जिला बदर किए गए एक आरोपी का दुस्साहस सामने आया है। गुंडरदेही स्थित रजिस्ट्री कार्यालय के सामने शराब के लिए पैसे मांगने और मना करने पर आरोपी ने एक युवक के साथ गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से जमकर मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित की शिकायत पर गुंडरदेही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
शराब के लिए पैसे मांगने पर हुआ विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित वेदप्रकाश सोनकर अपने साथी तामेश्वर कुमार सोनकर के साथ रजिस्ट्री संबंधी कार्य से कार्यालय पहुंचे थे। कार्य निपटाकर जब दोनों बाहर बातचीत कर रहे थे, तभी वार्ड क्रमांक 12 निवासी आरोपी युवराज तम्बोली वहां पहुंचा और शराब पीने के लिए पैसे की मांग करने लगा।
वेदप्रकाश द्वारा पैसे देने से साफ इनकार करने पर आरोपी उग्र हो गया और अश्लील गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। अचानक हुए इस हमले में पीड़ित के दायें गाल और पीठ पर चोटें आई हैं। घटना के बाद पीड़ित ने तत्काल थाना पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई।

विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज, आरोपी गिरफ्तार
थाना गुंडरदेही में पीड़ित की शिकायत पर अपराध क्रमांक 314/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई। गवाहों के बयान और साक्ष्य जुटाने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवराज तम्बोली (38 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 12, गुंडरदेही) को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351(3), 119(1) एवं 223 के तहत मामला दर्ज कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
15 सितंबर को हुई थी जिला बदर की कार्रवाई
इस घटना की सबसे गंभीर बात यह है कि आरोपी के खिलाफ लगातार आपराधिक मामलों में संलिप्तता के कारण सितंबर 2026 में ही जिला बदर की कार्रवाई की गई थी। इसके बावजूद आरोपी का क्षेत्र में घूमना और दोबारा इस तरह की वारदात को अंजाम देना कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना एवं SDOP गुंडरदेही श्रुति सिंह के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी निरीक्षक रविशंकर पाण्डेय के नेतृत्व में की गई। इसमें सहायक उप निरीक्षक अरविंद साहू, आरक्षक यशवंत देशमुख एवं पंकज तारम की सराहनीय भूमिका रही।
गुंडरदेही पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अवैध, संदिग्ध या असामाजिक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जा सके।




