रायगढ़ में कॉलेज प्रोफेसर का अपहरण, आंखों पर पट्टी बांधकर बनाया बंधक; UPI से ट्रांसफर कराए 1 लाख रुपये
गणेश ब्यूरो चीफ
रायगढ़। रायगढ़ जिले के पुसौर थाना क्षेत्र में इवनिंग वॉक के दौरान एक कॉलेज प्रोफेसर के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपियों ने प्रोफेसर को रास्ते से पकड़कर आंखों पर पट्टी बांधी और चाकू की नोक पर मोबाइल, पासवर्ड और UPI की जानकारी हासिल कर उनके खाते से करीब 1 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। इसके बाद उन्हें भूपदेवपुर थाना क्षेत्र के पंडरीपानी में एक कमरे में बंधक बनाकर रखा गया।
घटना की सूचना मिलते ही रायगढ़ पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। रातभर चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद पुलिस ने प्रोफेसर को सकुशल बरामद कर लिया। वहीं, घटना के 24 घंटे के भीतर एक आरोपी सुनील सारथी को हिरासत में लिया गया है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।
इवनिंग वॉक के दौरान किया अपहरण
पुलिस के अनुसार, जकेला निवासी डिग्री कॉलेज के प्रोफेसर कपुरचंद गुप्ता 5 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच गांव में डीपापारा और शोभा राइस मिल के पास इवनिंग वॉक कर रहे थे। थकान होने पर वे सड़क किनारे डबरी के पास एक माइलस्टोन पर बैठकर आराम कर रहे थे। इसी दौरान दो व्यक्ति वहां पहुंचे और उन्हें पकड़कर डबरी की तरफ ले गए।
आरोपियों ने प्रोफेसर की आंखों पर पट्टी बांध दी और पेट, गर्दन व छाती पर चाकू लगाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उन्हें मोटरसाइकिल से पंडरीपानी ले जाया गया।
मोबाइल और UPI की जानकारी लेकर कराए रुपये ट्रांसफर
पंडरीपानी पहुंचने के बाद आरोपियों ने प्रोफेसर से मारपीट की और उनके मोबाइल फोन का पासवर्ड, Google Pay और BHIM App से संबंधित जानकारी हासिल कर ली। इसके बाद आरोपियों ने एक महिला से संपर्क कर उसका QR कोड मंगवाया और प्रोफेसर के बैंक खाते से लगातार रकम ट्रांसफर कराई।
पुलिस के मुताबिक, खाते की करीब 1 लाख रुपये की ट्रांजेक्शन लिमिट खत्म होने तक रकम ट्रांसफर कराई गई। आरोपियों ने प्रोफेसर को धमकाकर उनके घर फोन भी करवाया और परिजनों से कुशल-मंगल होने की बात कहलवाई, ताकि उन्हें अपहरण की जानकारी न हो सके।
परिजनों को हुआ संदेह, पंडरीपानी पहुंचे
रकम ट्रांसफर कराने के बाद आरोपियों ने प्रोफेसर की आंखों पर दोबारा पट्टी बांधकर उन्हें पंडरीपानी स्थित एक कमरे में बंधक बना दिया। इधर, परिजनों को पूरे घटनाक्रम पर संदेह हुआ और उन्होंने अपने स्तर पर लोकेशन का पता लगाया। परिजन पंडरीपानी पहुंचे तो आरोपियों को इसकी भनक लग गई और वे मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलते ही पुसौर थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और प्रोफेसर को सुरक्षित रेस्क्यू कर थाने लाया गया।
24 घंटे के भीतर एक आरोपी हिरासत में
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने रातभर पतासाजी करते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर ग्राम जकेला निवासी सुनील सारथी को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अन्य साथियों के साथ मिलकर प्रोफेसर के अपहरण और UPI के जरिए रकम ट्रांसफर कराने की योजना में शामिल होना स्वीकार किया है। पुलिस ने अन्य आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
ट्रांसफर की गई रकम सुरक्षित कराई
पुलिस ने उस महिला से भी संपर्क किया, जिसके खाते में प्रोफेसर के खाते से रकम ट्रांसफर कराई गई थी। पुलिस के प्रयास से ट्रांसफर की गई पूरी रकम सुरक्षित करा ली गई है।
मामले में पीड़ित की रिपोर्ट पर थाना पुसौर में धारा 140(3), 309(6), 142 एवं 351(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच की जा रही है।
पुलिस टीम की अहम भूमिका
प्रोफेसर को सकुशल रेस्क्यू करने और 24 घंटे के भीतर मामले में आरोपी तक पहुंचने में थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह, उप निरीक्षक कुंदन लाल गौर, प्रधान आरक्षक बसंत पांडे, डोल नारायण साव, आरक्षक धनुर्जय चंद बेहरा, दिलीप सिदार, राहुल सिदार समेत पुलिस स्टाफ की अहम भूमिका रही।
SSP ने कहा- सभी आरोपियों पर होगी कार्रवाई
रायगढ़ एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि अपहरण जैसी गंभीर घटनाओं में पुलिस की प्राथमिकता पीड़ित की सकुशल बरामदगी और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी होती है। पुसौर पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए प्रोफेसर को सुरक्षित रेस्क्यू किया है। घटना में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




