याद राम साहू की रिपोर्ट :-
गुंडरदेही। विश्व शिक्षक दिवस के अवसर पर 7 अक्टूबर को अर्जुंदा स्थित स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय परिसर में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गुंडरदेही विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न शालाओं के उत्कृष्ट शिक्षकों, सेवानिवृत्त शिक्षकों, संकुल प्रभारी प्राचार्यों और दिवंगत शिक्षकों के परिजनों का सम्मान किया गया।
समारोह में विधायक गुंडरदेही कुंवर सिंह निषाद ने कुल 168 उत्कृष्ट शिक्षकों, 50 संकुल प्रभारी प्राचार्यों, 49 सेवानिवृत्त शिक्षकों, 23 व्यायाम शिक्षकों और 5 दिवंगत शिक्षकों के परिजनों सहित अतिथियों को शॉल, श्रीफल और प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर विधायक कुंवर सिंह निषाद ने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को पढ़ाने का काम नहीं करते, बल्कि वे समाज और राष्ट्र के भविष्य का निर्माण करते हैं। एक अच्छा शिक्षक अपने कमजोर विद्यार्थी के आत्मविश्वास और आत्मसम्मान को बढ़ाने के साथ उसकी प्रतिभा को पहचानकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है।
उन्होंने कहा कि शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों को अकादमिक शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों, अनुशासन और सही-गलत की पहचान की सीख भी दी जाती है। शिक्षक आने वाली पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि जब किसी शिक्षक का शिष्य उससे आगे बढ़ता है तो यह गुरु के लिए गर्व का विषय होता है और यही एक अच्छे शिक्षक की पहचान है।

विधायक ने क्षेत्र के शिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद शिक्षक पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। उनके प्रयासों से विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता के साथ बच्चों में संस्कार, अनुशासन और आत्मविश्वास भी विकसित हो रहा है। उन्होंने सभी शिक्षकों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि समाज को सदैव गुरुजनों का सम्मान करना चाहिए।
कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अर्जुंदा के अध्यक्ष जीवन बांधे, गुंडरदेही ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कचरू राम साहू, देवरी बंगला ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संजीव चौधरी, राजेश बाफना, जनपद सदस्य ललिता भुआर्य, पार्षद हेमलता ठेठवार, वंदना पारख सहित जनप्रतिनिधि, कांग्रेस कार्यकर्ता, वरिष्ठ सेवानिवृत्त शिक्षक और बड़ी संख्या में शिक्षकगण उपस्थित रहे।




