सुरेश सोनी की रिपोर्ट :-
नारायणपुर जिले के धनोरा थाना क्षेत्र में करीब चार साल पुराने हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, ग्राम टेकानार में वर्ष 2022 में हुई हत्या के मामले में तीनों आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार फरार थे। लगातार पतासाजी और संभावित ठिकानों पर निगरानी के बाद पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
मामला थाना धनोरा के अपराध क्रमांक 05/2022 से संबंधित है। पुलिस ने इस प्रकरण में धारा 302, 34 भादवि के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी। घटना के बाद से ही मामले में संलिप्त तीन आरोपी फरार चल रहे थे।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऐश्वर्या चंद्राकर के मार्गदर्शन में फरार आरोपियों की लगातार तलाश की जा रही थी। अनुविभागीय पुलिस अधिकारी छोटे डोंगर मनोज मंडावी और थाना प्रभारी धनोरा सत्यवान सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई और गिरफ्तारी के प्रयास तेज किए।
पुलिस की कार्रवाई के दौरान 6 अक्टूबर 2026 को तीनों फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
-
मनी पोयाम उर्फ कोइड़ा दण्डामी, पिता आयत राम पोयाम, उम्र 27 वर्ष
-
सीता राम उसेंडी, पिता स्व. सोनू राम उसेंडी, उम्र 22 वर्ष
-
सुखराम उसेंडी, पिता स्व. बोंडूंगा राम उसेंडी, उम्र 41 वर्ष
तीनों आरोपी ग्राम टेकानार, थाना धनोरा, जिला नारायणपुर के निवासी बताए गए हैं।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी की और 7 अक्टूबर 2026 को तीनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
नारायणपुर पुलिस का कहना है कि गंभीर अपराधों में लंबे समय से फरार आरोपियों की तलाश और गिरफ्तारी की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस द्वारा पुराने मामलों में भी फरार आरोपियों की पतासाजी कर उन्हें कानून के दायरे में लाने के प्रयास किए जा रहे हैं।




