योगेश्वर साहू की रिपोर्ट
राजिम / गरियाबंद – बुलंद टाइम्स न्यूज
राजिम विधानसभा क्षेत्र में इन दिनों एक चर्चा जोरों पर है। चर्चा ये है कि राजनीति सिर्फ अखबार की सुर्खियों और सोशल मीडिया की पोस्ट तक सीमित होकर रह गई है, या जमीन पर भी काम हो रहा है ?
क्षेत्र के एक वर्ग का कहना है कि आजकल कई जनप्रतिनिधि सिर्फ मीडिया में बने रहने को ही अपनी सबसे बड़ी सफलता मान लेते हैं। उनका आरोप है कि भूमिपूजन, उद्घाटन और फोटो की राजनीति से जनता की असली समस्याएं हल नहीं होतीं।
जनता क्या कह रही है ?
राजिम के लोगों का कहना है कि उनके सामने समस्याएं वर्षों से मुंह बाए खड़ी हैं। सड़क, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा, राजस्व, पंचायत से जुड़े काम – इन सबमें लोगों को आज भी चक्कर लगाने पड़ते हैं। लोगों का सवाल है कि अगर विकास सिर्फ कागज और पोस्ट में दिखे, तो जमीन पर उसका फायदा कब मिलेगा ?
एक पुरानी कहावत है – “निंदक नियरे राखिए, आंगन कुटी छवाय।” यानी आलोचना को भी सुनना चाहिए। राजिम में भी लोगों का कहना है कि आलोचना को दबाने से नहीं, सुनने से लोकतंत्र मजबूत होता है।
भाई-भतीजावाद और भ्रष्टाचार का आरोप
क्षेत्र में कुछ लोगों का आरोप है कि राजिम में भाई-भतीजावाद और विभागों में बंदरबांट की शिकायतें बढ़ी हैं। पुलिस, राजस्व, शिक्षा, स्वास्थ्य और पंचायत विभाग को लेकर लोगों में नाराजगी की बात सामने आ रही है। हालांकि ये आरोप जनता के एक वर्ग की ओर से लगाए जा रहे हैं, जिनकी पुष्टि स्वतंत्र रूप से नहीं हुई है।
लोगों का कहना है कि जनप्रतिनिधि को जनता के सुख-दुख का सच्चा साथी बनना चाहिए, न कि सिर्फ मीडिया में दिखने वाला चेहरा।
एक ही काम का बार-बार भूमिपूजन ?
चर्चा का एक बड़ा मुद्दा ये भी है कि एक ही निर्माण कार्य का बार-बार भूमिपूजन और उसे सोशल मीडिया में फैलाना क्या सही है ? आलोचकों का कहना है कि इससे काम कम और प्रचार ज्यादा होता है। समर्थकों का कहना है कि ये जनता को जानकारी देने का तरीका है।
सच क्या है, ये तो जमीन पर काम देखकर ही तय होगा।
21वीं सदी की राजनीति
21वीं सदी का एक चौथाई हिस्सा बीत चुका है। सोशल मीडिया का दौर है, जहां हर पल जनता अपनी राय दे रही है। ऐसे में लोगों की अपेक्षा है कि नेतृत्व यथार्थ से सामना करे, बच्चों की तरह कुतूहल में न रहे।
राजिम की जनता को स्थानीय नेतृत्व से बड़ी उम्मीदें हैं, क्योंकि यही नेतृत्व इन्हीं समस्याओं से गुजरकर यहां तक पहुंचा है।
अंत में सवाल
सवाल सीधा है – क्या राजनीति छपास और दिखास से मुक्त होकर जनता की सच्ची सेवा की ओर बढ़ेगी ?
जनता का आशीर्वाद बार-बार मिलता है, लेकिन तभी जब जनता को ये अहसास हो कि उनका नेता उनके सुख-दुख में खड़ा है। मीडिया में दिखना गलत नहीं है, लेकिन सिर्फ दिखना ही काफी नहीं है। काम बोलना चाहिए, पोस्ट नहीं।
राजिम की जनता अब काम देखना चाहती है, सिर्फ वादा और प्रचार नहीं।







