गणेश ब्यूरो चीफ
जशपुर। जिले में अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना-चौकी प्रभारियों की अपराध समीक्षा बैठक ली। 18 नवंबर को आयोजित इस बैठक में कानून-व्यवस्था, लंबित अपराधों, मर्ग, शिकायतों और विभिन्न पुलिस अभियानों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में डॉ. लाल उमेद सिंह ने सभी थाना-चौकी प्रभारियों को लंबित अपराध, मर्ग और शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और पशु तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए मुखबिरी तंत्र मजबूत करने तथा थाना-चौकियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया।
ऑपरेशन ईगल के तहत फरार वारंटियों की गिरफ्तारी पर जोर
पुलिस कप्तान ने ऑपरेशन ईगल के तहत फरार स्थाई वारंटियों की गिरफ्तारी की समीक्षा करते हुए उनकी पतासाजी तेज करने और अधिक से अधिक वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही डायल 112 की कार्यप्रणाली की समीक्षा कर आपातकालीन सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई और जरूरतमंदों को समय पर पुलिस सहायता उपलब्ध कराने को कहा।
अपराधों की विवेचना में आधुनिक तकनीकी संसाधनों के उपयोग पर जोर देते हुए उन्होंने विवेचकों को तकनीकी रूप से दक्ष रहने और उपलब्ध तकनीकी साक्ष्यों का नियमानुसार प्रभावी उपयोग करने के निर्देश दिए, ताकि मामलों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण हो सके।
पीड़ित परिवारों को राहत राशि दिलाने में न हो देरी
बैठक में प्राकृतिक आपदा, पानी में डूबने, सर्पदंश और अन्य कारणों से होने वाली आकस्मिक मौतों के मामलों की भी समीक्षा की गई। एसएसपी ने ऐसे मामलों में आवश्यक वैधानिक एवं विभागीय प्रक्रिया जल्द पूरी कर संबंधित प्रतिवेदन समय पर भेजने के निर्देश दिए, ताकि प्रभावित परिवारों को शासन की ओर से मिलने वाली राहत राशि समय पर मिल सके।
उन्होंने सीएम पोर्टल और छत्तीसगढ़ पुलिस के ऑनलाइन पोर्टलों से प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में संतुष्टिपूर्ण निराकरण करने को कहा। साथ ही थाने में शिकायत लेकर आने वाले आम नागरिकों और पीड़ितों के साथ सरल, सहज और संवेदनशील व्यवहार करने तथा उनकी शिकायतों पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए चलाएं जागरूकता अभियान
सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए यातायात जागरूकता अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर भी जोर दिया गया। पुलिस अधिकारियों को स्कूल-कॉलेजों और ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने तथा लोगों को हेलमेट, सीट बेल्ट के उपयोग और यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में थाना एवं चौकी प्रभारी के रूप में व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षु उप निरीक्षकों के कार्यों की भी समीक्षा की गई। एसएसपी ने उन्हें पुलिसिंग की बारीकियां, विवेचना और कानून-व्यवस्था से जुड़े कार्य गंभीरता से सीखने तथा जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने की सलाह दी।

उत्कृष्ट विवेचकों और दो पुलिस मितानों का सम्मान
अपराध समीक्षा बैठक के बाद उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों और नागरिकों को सम्मानित किया गया। गंभीर मामलों में गुणवत्तापूर्ण विवेचना करने वाले पुलिस विवेचकों को डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने प्रशस्ति पत्र प्रदान किए।
वहीं, सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद कर मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देने वाले दो पुलिस मितान विजय कुमार सिदार (40 वर्ष), निवासी ग्राम घाघरा और ओस्वीन जेराल तिर्की (32 वर्ष), निवासी ग्राम घाघरा को हेलमेट एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
जानकारी के अनुसार, दोनों ने 6 नवंबर 2026 की रात करीब 9 बजे घाघरा-छतौरी जंगल में स्कॉर्पियो और पिकअप वाहन के बीच हुई दुर्घटना के दौरान घायलों को वाहनों से बाहर निकालने में मदद की थी। इसके बाद अस्पताल और पुलिस को सूचना देकर उन्होंने घायलों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर एसएसपी ने कहा कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की समय पर मदद करना किसी की जान बचा सकता है। ऐसे मानवीय कार्य समाज के अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणादायक हैं।
बैठक में जिले के सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारी, थाना-चौकी प्रभारी और पुलिस अधीक्षक कार्यालय के कर्मचारी उपस्थित रहे।







