सी एल साहू की रिपोर्ट:-
उत्तर बस्तर कांकेर| छत्तीसगढ़ राज्य में 21 सितंबर 2024 को नेशनल लोक अदालत का आयोजन होगा। उक्त नेशनल लोक अदालत में अधिक-से-अधिक प्रकरणों के निराकरण एवं तैयारी के संबंध में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कांकेर के अध्यक्ष और प्रधान जिला न्यायाधीश आनंद कुमार धु्रव द्वारा आज जिला न्यायालय कांकेर के सभाकक्ष में अधिवक्ता संघ की बैठक ली गई।
बैठक में न्यायालय में लंबित प्रकरणों को अधिक से अधिक संख्या में राजीनामा के माध्यम से लोक अदालत में निराकृत किए जाने पर विशेष चर्चा की गई। अधिवक्ताओं को सुझाव दिया गया कि वे अपने पक्षकारों को प्रकरणों को राजीनामा के आधार पर निराकृत कराएं और उसे राजीनामा हेतु चर्चा करने के लिए न्यायालय समक्ष लेकर आए। बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कांकेर के सचिव भास्कर मिश्र, अध्यक्ष नरेंद्र दवे, अधिवक्ता संघ कांकेर व समस्त अधिवक्तागण उपस्थित रहे।



