मनीष कुमार देहारी की रिपोर्ट :-
कोंडागांव| कलेक्टर जनदर्शन में ग्राम बेलगांव के ग्रामीणों ने कलेक्टर से मुलाकात कर जिला मुख्यालय से कुकड़ाझोर तक बने डामर सड़क में हुए गड्ढे का मरम्मत करवाने के लिए आवेदन दिया है। उक्त सड़क में रोजाना स्कूली बच्चे, शिक्षक, पुलिस के जवान, स्वास्थ्यकर्मी, और ग्रामीण आवागमन करते हैं। जिससे आएं दिन दुर्घटना होने की संभावना बनी रहती है। सड़क की चौड़ाई कम होने के वजह से बड़ी-बड़ी गाडियों के चलने पर बाइक जैसी छोटी गाडियों को सड़क से नीचे उतरना पड़ता है।
बीच बीच में गड्ढे होने के कारण लोग अपनी गाडियों को बचाने के लिए गलत साइड से चलते हैं। इससे भी दुर्घटना होने का डर बना रहता है। पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को कई बार बोलने के बावजूद इस पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। कई बार क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों से भी शिकायत किया गया लेकिन उनको कोई फर्क ही नहीं पड़ता। इस क्षेत्र के ग्राम पंचायतों के सरपंच, जनपद सदस्य, जिला पंचायत सदस्य सहित विभिन्न पार्टियों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता रोजाना इसी सड़क से जिला मुख्यालय आवागमन करते हैं। फिर भी खस्ताहाल सड़क से चुप्पी साधे हुए हैं।
इसी से तंग आकर ग्राम बेलगांव के ग्रामीणों ने सीधे कलेक्टर से मुलाकात कर अपनी समस्या से निजात दिलाने की अपील की है। ग्रामीणों की मांग पर कलेक्टर ने भी तत्काल पीडब्ल्यूडी ऑफिस में फोन कर संबंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत करने के लिए निर्देश दिया है। आवेदन देने में विश्वनाथ भोयर, बिरमल पात्र, अमित नाग, हीना नाग, वेदप्रकाश, तुलेंद्र, राकेश, घनश्याम एवम ग्रामवासी उपस्थित थें।



