अमित दुबे की रिपोर्ट :-
गौरेला: —29 सितंबर को गौरेला रेलवे स्टेशन के बाहर बाजार से एक व्यक्ति का मोबाइल चोरी होने और उसके फोनपे वॉलेट से 75,000 रुपये ट्रांसफर होने की घटना के बाद पुलिस ने आरोपित जेबकतरों पर कार्रवाई तेज कर दी। मामले में थाना गौरेला में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया था।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता द्वारा साइबर सेल को मामले में कार्यवाही के निर्देश दिए गए थे। इस पर साइबर सेल की टीम ने तकनीकी जांच के माध्यम से आरोपी की पहचान की और उसे गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
आरोपी की पहचान रेलवे कॉलोनी अमलई, शहडोल, मध्यप्रदेश निवासी गणेश सोनी (29) के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी को डिवाइस सहित हिरासत में लिया और पूछताछ के बाद विधिवत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी से चोरी किए गए मोबाइल और फोनपे वॉलेट से संबंधित साक्ष्य भी जुटाए हैं।
साइबर सेल जीपीएम की इस कार्यवाही में उप निरीक्षक सुरेश ध्रुव, सहायक उप निरीक्षक मनोज हनोतिया, विष्णु साहू, अशोक सोनवानी, आरक्षक राजेश शर्मा और सुरेंद्र विश्वकर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अब आरोपी से अन्य अपराधों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।



