नागेश साहू की रिपोर्ट :-
मुंगेली | मुंगेली में एक घर के बाहर खड़ी जीप को नकाबपोश बदमाश ने आग के हवाले कर दिया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक एसएनजी कॉलेज के पास रोड किनारे पार्क एक थार वाहन को मंगलवार रात नकाबपोश युवक ने आग के हवाले कर दिया।
पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी वीडियो में दिखाई दे रहा है कि नकाबपोश एक अज्ञात युवक थार की तरफ आ रहा है।
आशंका जताई जा रही है कि उसने पहले थार के ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डाला। इसके बाद उसे आग के हवाले कर दिया।
घटना को लेकर सिटी कोतवाली प्रभारी संजय सिंह राजपूत ने बताया कि मामला ओंकार सिंह ठाकुर के घर का है। सीसीटीवी फुटेज और सायबर सेल टीम की मदद से मामले की विवेचना में पुलिस जुटी है।
विवेचना के दौरान जो भी तथ्य सामने आते हैं उसके मुताबिक कार्रवाई की जाएगी। प्रार्थी की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है।



