
अमित दुबे की रिपोर्ट :-
बिलासपुर/रतनपुर, | प्राचीन नगरी और छत्तीसगढ़ की पुरातन राजधानी रतनपुर आज ऐतिहासिक क्षणों का साक्षी बनी। केंद्रीय आवासन एवं शहरी विकास राज्य मंत्री तोखन साहू तथा उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने नगर पालिका परिषद में 4 करोड़ रुपए से अधिक लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया।
करोड़ों की योजनाओं का शुभारंभ
- इस अवसर पर कई महत्वपूर्ण कार्यों की सौगात रतनपुरवासियों को मिली—
- नवीन नगर पालिका कार्यालय भवन का भूमिपूजन — 1 करोड़ 67 लाख 70 हजार रुपये की लागत से
- अटल परिसर निर्माण का लोकार्पण — 30 लाख रुपये की लागत से
- आश्रय स्थल का लोकार्पण — 48 लाख 66 हजार रुपये की लागत से
- प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के तहत 1 करोड़ 90 लाख रुपये की लागत से 76 आवास कार्य स्वीकृत
- इस दौरान 5-5 हितग्राहियों को अनुज्ञा पत्र तथा पूर्ण आवास हेतु चाबियाँ भी प्रतीकात्मक रूप से प्रदान की गईं।




तोखन साहू का संबोधन
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ने कहा—
“आज अटल परिसर का लोकार्पण करना मेरे लिए गर्व का क्षण है। स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी का व्यक्तित्व इतना विराट था कि विपक्ष भी उन्हें सम्मान देता था। किसानों को कर्ज़ के बोझ से मुक्त करने और किसान क्रेडिट कार्ड योजना जैसे कार्य उनके दूरदर्शी नेतृत्व का प्रमाण हैं। डबल इंजन की सरकार से हर वर्ग को फायदा हुआ है।”
उन्होंने रतनपुर को “तालाबों की नगरी” बताते हुए तालाबों के सौंदर्यीकरण और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रस्ताव तैयार करने की बात कही।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव का उद्बोधन
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने रतनपुर की पावन धरती को ऐतिहासिक बताते हुए कहा—
“आज का दिन गौरवपूर्ण है। महामाया धाम रतनपुर में अटल परिसर का लोकार्पण छत्तीसगढ़ की अस्मिता से जुड़ा क्षण है। अटल बिहारी वाजपेयी छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माता हैं। यदि आज राज्य विकास की ओर अग्रसर है, तो इसका श्रेय उन्हें ही जाता है।”
उन्होंने यह भी घोषणा की कि—
- रतनपुर में विकास कार्यों के लिए अतिरिक्त 4 करोड़ रुपये की राशि दी जाएगी।
- जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी तत्काल प्रस्ताव भेजें, जिन्हें नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा शीघ्र स्वीकृत कर राशि जारी की जाएगी।
- इस वर्ष को “अटल निर्माण वर्ष” घोषित किया गया है, और रजत जयंती अवसर पर अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
- रतनपुर में भीषण पेयजल संकट को दूर किया गया है।
- 2900 आवास स्वीकृत, जिनमें 2296 आवास पूर्ण हो चुके हैं।
- रतनपुर को उसके वैभव और ऐतिहासिक महत्व के अनुरूप संवारा जाएगा।
- कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ने रतनपुर के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया और एक पुस्तक का विमोचन भी किया।
अन्य नेताओं का वक्तव्य
लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला और कोटा विधायक अटल वास्तव ने भी अपनी बात रखी और रतनपुर की धरती को निरंतर विकास की राह पर आगे ले जाने का संकल्प दोहराया।
गणमान्य लोगों की उपस्थिति
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष लवकुश कश्यप, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, नगर पालिका उपाध्यक्ष बीनू निराला, कोटा जनपद अध्यक्ष सूरज साधेलाल भारद्वाज, एसडीएम नीतिन तिवारी, सीएमओ केके पटेल, वरिष्ठ समाजसेवी रामदेव कुमावत, दीपक सिंह, मोहित जायसवाल, पार्षदगण, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों, के साथ कांग्रेस जन और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
आज का यह अवसर रतनपुर के विकास यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है। ऐतिहासिक नगरी रतनपुर को तालाबों, पर्यटन, संस्कृति और आवास योजनाओं के जरिए एक नई पहचान देने का संकल्प इस कार्यक्रम से उभरकर सामने आया है l



