जशपुर | जशपुर पुलिस ने एक बार फिर अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए हत्या के दो फरार आरोपियों और लूट के एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। दोनों मामले थाना सिटी कोतवाली जशपुर क्षेत्र के हैं।
हत्या के मामले में दो फरार आरोपी गिरफ्तार
कुछ दिनों पूर्व पुराना नगर के तुरीटोंगरी इलाके में अधजली लाश मिलने के मामले में पुलिस ने पहले ही तीन आरोपियों, जिनमें एक विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल था, को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इस मामले में दो आरोपी शीतल मिंज (39 वर्ष, निवासी सीटोंगा, थाना सिटी कोतवाली जशपुर) और जीतू राम (32 वर्ष, निवासी बेंदरभद्रा, थाना कुनकुरी, जिला जशपुर) फरार थे।
जशपुर पुलिस ने तकनीकी टीम की मदद और मुखबिर की सूचना के आधार पर दोनों को कुनकुरी से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने इन पर बीएनएस की धारा 103(1), 238(क), 61(2) के तहत अपराध दर्ज किया है।
लूट के मामले में एक आरोपी की गिरफ्तारी
वहीं, थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम तेतरटोली, जशपुर में लूट के प्रयास के मामले में भी पुलिस को सफलता मिली है। घटना 2 नवंबर 2025 की है, जब प्रार्थी विनय यादव (22 वर्ष, निवासी ग्राम खैरा पाठ, थाना सन्ना) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि तीन अज्ञात व्यक्तियों ने उससे मारपीट करते हुए ₹5000 की लूट का प्रयास किया और उसका मोबाइल फोन छीन लिया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुखबिर और तकनीकी टीम की मदद से आरोपियों की पहचान की। इनमें से एक आरोपी आवेश भगत (22 वर्ष, निवासी तेतरटोली, जशपुर) को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। गिरफ्तार आरोपी के पास से प्रार्थी का मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई है।
इस मामले में पुलिस ने आरोपियों पर बीएनएस की धारा 127(1), 309(4), 298, 351(2), व 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है।
पुलिस टीम की भूमिका
दोनों मामलों की सफलता में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली निरीक्षक आशीष कुमार तिवारी, उप निरीक्षक खेमराज ठाकुर, सहायक उप निरीक्षक एसन पाल, आरक्षक हेमंत कुजूर एवं आरक्षक शोभनाथ सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने की टीम की सराहना
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि सिटी कोतवाली क्षेत्र में दर्ज हत्या और लूट के मामलों में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हत्या के मामले के दोनों फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है, वहीं लूट के एक आरोपी को भी पकड़ा गया है। अन्य फरार आरोपियों की पहचान हो चुकी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
जशपुर पुलिस की सख्त कार्रवाई से अपराधियों में मचा हड़कंप — ऑपरेशन सतर्कता जारी।



