गणेश भोय ब्यूरो चीफ जशपुर:-
जशपुर। जिले के थाना तुमला अंतर्गत चौकी कोल्हेनझरिया क्षेत्र में दो गुमशुदा युवकों के मामले का जशपुर पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने डेम से दोनों के शव बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि चार अन्य आरोपी फरार हैं।
पुलिस के अनुसार, ग्राम सेरमाटोली निवासी दिलीप राम खड़िया (23 वर्ष) और विलियम कुजूर (31 वर्ष) 12 दिसंबर 2025 से लापता थे। 14 दिसंबर को परिजनों की शिकायत पर थाना तुमला में गुम इंसान दर्ज कर जांच शुरू की गई। पतासाजी के दौरान मुखबिर सूचना के आधार पर ग्राम डांगबंधी निवासी आयटू लोहार (30 वर्ष) को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने चार साथियों के साथ मिलकर जंगली सूअर को मारने के लिए जंगल के पास एक अरहर के खेत में खुला बिजली का करंट तार बिछाया था। उसी करंट की चपेट में आकर दिलीप और विलियम की मौके पर मौत हो गई। घबराहट में आरोपियों ने साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से दोनों शवों को बोरे में भरकर कागजपुड़ा डेम में फेंक दिया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने डेम से दोनों शव बरामद कर पंचनामा व पोस्टमार्टम कराया। प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण करंट से झुलसना बताया गया है। इस मामले में थाना तुमला में बीएनएस की धारा 105, 238 व 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
पुलिस ने एक आरोपी आयटू लोहार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि घटना में शामिल चार अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी तलाश जारी है।
इस पूरे खुलासे में एसडीओपी पत्थलगांव धुर्वेश कुमार जायसवाल, थाना प्रभारी तुमला निरीक्षक कोमल सिंह नेताम और चौकी प्रभारी कोल्हेनझरिया एएसआई टेकराम सारथी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि फरार आरोपियों को भी शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।



