गणेश भोय ब्यूरो चीफ जशपुर:-
जशपुर।छत्तीसगढ़ में जारी धान खरीदी के बीच अवैध धान की आमद पर जशपुर पुलिस लगातार सख्ती बरत रही है। इसी कड़ी में थाना लोदाम पुलिस ने झारखंड से छत्तीसगढ़ लाकर खपाने की कोशिश कर रहे अवैध धान को जब्त करते हुए एक पिकअप वाहन पकड़ा है। पुलिस ने 65 बोरियों में भरे कुल 26 क्विंटल धान को जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 59 हजार 800 रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, 23 दिसंबर 2025 की शाम करीब 8 बजे लोदाम पुलिस पेट्रोलिंग पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक टाटा सूमो पिकअप वाहन (क्रमांक JH-03-AF-9899) में अवैध रूप से धान लोड कर झारखंड से छत्तीसगढ़ लाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने रूपसेरा पतराटोली के ग्रामीण रास्ते पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका।
तलाशी के दौरान वाहन में 65 बोरियों में 26 क्विंटल धान मिला। पूछताछ में पिकअप चालक ने अपना नाम सचिन गोप (23 वर्ष) निवासी प्रेम नगर, चैनपुर, जिला गुमला (झारखंड) बताया। चालक धान से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद पुलिस ने पिकअप वाहन सहित धान को जब्त कर अग्रिम कार्रवाई हेतु जिला प्रशासन को सौंप दिया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी लोदाम निरीक्षक हर्षवर्धन चौरासे, प्रधान आरक्षक प्रदीप लकड़ा एवं आरक्षक हेमंत कुजूर की अहम भूमिका रही।
गौरतलब है कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के निर्देश पर जशपुर पुलिस सरहदी राज्यों से हो रही अवैध धान की तस्करी पर लगातार नजर बनाए हुए है। अब तक पुलिस 07 ट्रक, 20 पिकअप और 02 ट्रैक्टरों से कुल 1742 क्विंटल अवैध धान जब्त कर जिला प्रशासन को सौंप चुकी है।
इस संबंध में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि, “सरहदी क्षेत्रों में पुलिस की सतत निगरानी जारी है। अवैध धान की तस्करी करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।”



