गणेश भोय ब्यूरो चीफ जशपुर:-
जशपुर : जशपुर पुलिस ने गौ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन अंकुश के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। चौकी पंडरापाठ क्षेत्र में दर्ज मामले में वांछित आरोपी मोहम्मद फिरोज खान को पुलिस ने झारखंड के गुमला जिले से दबोचकर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, जून 2025 में पंडरापाठ चौकी पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम देवडांड के लमडांड जंगल के पास एक पिकअप वाहन सड़क किनारे दुर्घटनाग्रस्त अवस्था में पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने देखा कि वाहन में गौवंशों को अमानवीय तरीके से रस्सियों से बांधकर ठूंस-ठूंस कर भरा गया था। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया था।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 09 गौवंशों को बरामद किया था। इनमें से एक की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि शेष गौवंशों को उपचार के लिए पशु चिकित्सक के पास भेजा गया। इलाज के दौरान चार और गौवंशों की मृत्यु हो गई, जिनका विधिवत अंतिम संस्कार कराया गया। तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन को भी पुलिस ने जब्त कर लिया था।
मामले में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान वाहन नंबर के आधार पर उसके मालिक मोहम्मद फिरोज खान, निवासी आजाद बस्ती, गुमला (झारखंड) की पहचान हुई, जो घटना के बाद से फरार चल रहा था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर विशेष टीम का गठन कर तकनीकी और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की गई। इसके बाद जशपुर पुलिस की टीम ने गुमला पहुंचकर आरोपी के घर की घेराबंदी की और उसे हिरासत में लेकर जशपुर लाया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह गौवंशों को एक क्षेत्र से खरीदकर झारखंड ले जा रहा था। तेज रफ्तार के कारण वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया और पुलिस के डर से वह मौके से फरार हो गया था। पर्याप्त साक्ष्य और अपराध स्वीकारोक्ति के आधार पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में चौकी पंडरापाठ के प्रभारी उप निरीक्षक सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और जवानों की अहम भूमिका रही।
एसएसपी जशपुर शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया है कि गौ तस्करी में संलिप्त किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए ऑपरेशन अंकुश लगातार जारी रहेगा और कानून तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।



