अमित दुबे की रिपोर्ट :-
बिलासपुर। मंगला क्षेत्र में लगातार हो रही ज्वेलरी दुकानों और सूने मकानों की चोरी की वारदातों पर आखिरकार बिलासपुर पुलिस ने करारा प्रहार किया है। थाना सिविल लाइन पुलिस ने महज 120 सीसीटीवी फुटेज खंगालकर चार अलग-अलग घटनाओं को अंजाम देने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब ₹4.50 लाख की चोरी की संपत्ति बरामद की है।
जानकारी के अनुसार, आजाद चौक मंगला स्थित मां ज्वेलरी शॉप, कुदुदण्ड, सन सिटी मंगला, चांदनी चौक एवं मैत्री विहार कॉलोनी में सूने मकानों के ताले तोड़कर और ज्वेलरी दुकानों के शटर में कटर लगाकर चोरी की घटनाएं की जा रही थीं। लगातार बढ़ती वारदातों से क्षेत्र में दहशत का माहौल था।
120 CCTV फुटेज बने सुराग
दिनांक 24-25 जनवरी 2026 की दरम्यानी रात मां ज्वेलर्स में चोरी की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) एवं नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन के मार्गदर्शन में पुलिस ने घटना स्थलों के आगे-पीछे लगे करीब 120 CCTV कैमरों की बारीकी से जांच की। लगातार फुटेज खंगालने के बाद संदिग्धों की पहचान कर उन्हें धर दबोचा गया।
पूछताछ में उगले कई राज
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे चारों मिलकर रात के समय चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। चोरी किए गए जेवरात और नगदी को आपस में बांटकर अलग-अलग स्थानों पर छिपा दिया जाता था। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का माल बरामद किया।
क्या-क्या हुआ बरामद
- चांदी के जेवरात लगभग 01 किलोग्राम
- सोने जैसे आर्टिफिशियल आभूषण
- नगदी रकम ₹75,000
- कुल बरामद मशरूका कीमत ₹4,50,000
गिरफ्तार आरोपी
- सोनू उर्फ शिवा सूर्यवंशी (20 वर्ष), निवासी आजाद चौक, जैतखाम के पास
- राहुल सूर्यवंशी (19 वर्ष), निवासी आजाद चौक मंगला
- आदित्य सूर्यवंशी (19 वर्ष), निवासी आजाद चौक मंगला
- नंद कुमार केवट (19 वर्ष), निवासी पटेल भवन के पास, मंगला
- चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में सउनि विष्णु प्रसाद साहू, प्रआर 243 शैलेष सिंह, आर 1282 वीरेंद्र राजपूत, आर 1124 आशीष राठौर, आर 694 पुन्नी खांडे एवं आर 1498 केशव नार्को की विशेष भूमिका रही।
क्षेत्रवासियों में राहत
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के खुलासे से मंगला और आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों ने राहत की सांस ली है। पुलिस की इस त्वरित और तकनीकी कार्रवाई की आमजन द्वारा सराहना की जा रही है।
बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और शहर की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।



