अमित दुबे की रिपोर्ट :-
मस्तूरी | बिलासपुर थाना मस्तूरी क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश कर रहे असामाजिक तत्वों के खिलाफ मस्तूरी पुलिस ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जयरामनगर स्थित साप्ताहिक बाजार में धारदार चाकूनुमा गड़ासा लहराकर आम नागरिकों को भयभीत करने वाले युवक को मौके से धरदबोचा गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना मस्तूरी में अप.क्र. 68/2026 के तहत आरोपी के विरुद्ध धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश पर जिले में कानून व्यवस्था मजबूत करने, असामाजिक तत्वों पर लगाम लगाने तथा आमजन में सुरक्षा का भरोसा बनाए रखने हेतु लगातार पेट्रोलिंग और भ्रमण किया जा रहा है।
इसी क्रम में दिनांक 02 फरवरी 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि जयरामनगर साप्ताहिक बाजार के पास अमन यादव नामक युवक अपने हाथ में धारदार चाकू लेकर इधर-उधर घूमते हुए लोगों को डरा-धमका रहा है, जिससे बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाना मस्तूरी की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक धारदार चाकूनुमा गड़ासा बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी की पहचान अमन यादव उर्फ चीता, पिता अशोक सोनी, उम्र 24 वर्ष, निवासी बेहतराई रोड, अशोक नगर, थाना सरकण्डा, जिला बिलासपुर (छ.ग.) के रूप में हुई। आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
मस्तूरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में शांति भंग करने वाले, हथियारों के दम पर दहशत फैलाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखी जा सके।



