गणेश भोय ब्यूरो चीफ जशपुर :-
जशपुर। गौ तस्करी के खिलाफ जशपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत बड़ी सफलता मिली है। बीते तीन दिनों में अलग-अलग मामलों में पुलिस ने कुल 74 नग गौवंश तस्करों के चंगुल से मुक्त कराए हैं। इस दौरान दो गौ तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें एक विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल है।
थाना नारायणपुर क्षेत्र की कार्रवाई
दिनांक 02 जनवरी 2026 की रात्रि थाना नारायणपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चटकपुर चांचीडांड (बेने डेम के पास) ईब नदी किनारे पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 32 नग गौवंश मुक्त कराए। मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर पुलिस ने अमन टोप्पो (20 वर्ष) निवासी ग्राम कजरा, कनपोड़ा, थाना नारायणपुर को गिरफ्तार किया, जबकि एक 16 वर्षीय विधि से संघर्षरत बालक को भी हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने अन्य 11 साथियों के साथ गौवंश को झारखंड की ओर पैदल हांक कर ले जाने की बात स्वीकार की। अन्य आरोपी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी पहचान कर ली गई है और तलाश जारी है।
आरोपियों के पास गौवंश परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं पाए गए। सभी गौवंशों का पशु चिकित्सक से स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। मामले में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
मुख्य आरोपी अमन टोप्पो को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है, जबकि बालक को बाल संप्रेषण गृह भेजा जा रहा है।
चौकी मनोरा क्षेत्र की कार्रवाई
दिनांक 31 जनवरी 2026 की शाम ग्राम केसरा के बड़ा पहाड़ जंगल में ग्रामीणों के सहयोग से पुलिस ने 42 नग गौवंश तस्करों से मुक्त कराए। ग्रामीणों को देखकर तस्कर फरार हो गए। पुलिस ने गौवंशों को सुरक्षित बरामद कर उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया।
इस मामले में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(1)(क)(घ) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस अधिकारियों का बयान
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस गौ तस्करी के प्रति अत्यंत संवेदनशील है। तीन दिनों में 74 गौवंशों को मुक्त कराया गया है और तस्करों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। गौ तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
इस पूरी कार्रवाई में उप निरीक्षक अमरबेल मिंज, उमेश प्रभाकर, नरेंद्र मिंज, प्रधान आरक्षक उमेश मिंज, अनानियुस टोप्पो, आरक्षक अशोक कंसारी एवं योगेश भगत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



