अमित दुबे की रिपोर्ट :-
बिलासपुर।बेलगहना :चौकी बेलगहना, थाना कोटा अंतर्गत अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बेलगहना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने महुआ शराब का अवैध परिवहन करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 15 लीटर हाथ भट्ठी से बनी महुआ शराब एवं शराब परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के निर्देश पर चेतना अभियान के तहत नशामुक्त समाज की दिशा में लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह एवं अनुविभागीय पुलिस अधिकारी कोटा नुपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में दिनांक 06 फरवरी 2026 को बेलगहना पुलिस ने यह कार्रवाई की।
मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने ग्राम आमागोहन स्थित जल संसाधन रेस्ट हाउस, आवासपारा क्षेत्र में घेराबंदी कर मोटरसाइकिल से शराब परिवहन कर रहे सोनू उर्फ सोमकुमार यादव पिता जयसिंह यादव, उम्र 32 वर्ष, निवासी आमागोहन खोंगसरा को पकड़ा। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से दो अलग-अलग जरीकेन में कुल 15 लीटर महुआ शराब (कीमत ₹1500) एवं शराब परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG-10-AF-6542 (कीमत ₹40,000) जब्त की गई। जप्त मशरूका की कुल कीमत लगभग ₹41,500 आंकी गई है।
आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। बेलगहना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक हेमंत सिंह, प्रधान आरक्षक नरेन्द्र कुमार पात्रे, आरक्षक धीरज जायसवाल, अंकित जायसवाल एवं ईश्वर नेताम का विशेष योगदान रहा।



