अमित दुबे की रिपोर्ट :-
बिलासपुर। थाना सरकंडा क्षेत्र में दर्ज चोरी के एक प्रकरण को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों के भीतर सुलझा लिया है। इस मामले में आरोपी प्रार्थी का पूर्व ड्राइवर ही निकला, जिसे नगद राशि सहित गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना सरकंडा में अप.क्र. 157/2026 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। प्रार्थी डॉ. शशि मिश्रा ने 05 फरवरी 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह सुबह करीब 11:30 बजे अपने निवास पूजा पार्क में ताला लगाकर ड्यूटी पर गए थे। दोपहर लगभग 3:30 बजे उनकी पत्नी मती प्रिया मिश्रा ने फोन कर सूचना दी कि घर का दरवाजा अंदर से बंद है।
सूचना मिलने पर कॉलोनी के गार्ड व आसपास के लोगों की मदद से घर का दरवाजा खुलवाया गया, जहां घर के अंदर प्रार्थी का पुराना ड्राइवर बिपिन मसीह चोरी की नीयत से घुसा हुआ पाया गया। जांच में पर्स में रखी नगद राशि 9,000 रुपये गायब मिली।
मामले की जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह को दी गई, जिनके निर्देश पर चोरी के प्रकरण का त्वरित निराकरण किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज पटेल एवं सीएसपी (सिविल लाइन/सरकंडा) निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सरकंडा निरीक्षक प्रदीप आर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस ने संदेही बिपिन मसीह पिता वीरेंद्र मसीह उम्र 52 वर्ष, निवासी घुरू शैलेंद्र नगर थाना सकरी जिला बिलासपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई नगद राशि 9,000 रुपये बरामद की गई।
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश कर दिया है। सरकंडा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।



