पत्थलगांव ।जशपुर जिले के काडरों बाजार पारा के समीप शुक्रवार दोपहर लगभग 1 बजे दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें दो बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद दोनों युवक सड़क पर लहूलुहान हालत में पड़े थे। इसी दौरान वहां से गुजर रहे पत्थलगांव के एसडीओपी ध्रुवेश जायसवाल ने मानवता का परिचय देते हुए तत्परता दिखाई और दोनों घायलों को तुरंत अपने वाहन से सिविल अस्पताल पत्थलगांव पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।जानकारी के अनुसार पत्थलगांव एसडीओपी ध्रुवेश जायसवाल कोतबा क्षेत्र के आकस्मिक निरीक्षण से वापस पत्थलगांव लौट रहे थे। इसी दौरान काडरों बाजार पारा के पास सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त दो बाइकें और गंभीर रूप से घायल दो युवक दिखाई दिए। दोनों घायलों के सिर और शरीर से काफी खून बह रहा था और उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी।घायलों में महेशपुर निवासी समारू नाग सहित एक अन्य व्यक्ति शामिल है।



