पुलिस अधीक्षक श्री राॅबिन्स गुडिया के निर्देशानुसार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुशील नायक के मार्गदर्शन में शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के उद्देश्य से मुख्य मार्ग पर संचालित दुकानदारों की एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य मार्ग पर बढ़ती यातायात समस्या, अव्यवस्थित पार्किंग तथा सड़क पर खड़े वाहनों के कारण लगने वाले जाम को लेकर चर्चा की गई।
इस दौरान एसडीओपी लोकेश बंसल ने गैरेज संचालकों को निर्देश देते हुए कहा कि वे सड़क पर वाहन खड़ा कर मरम्मत का कार्य न करें, क्योंकि इससे यातायात बाधित होता है। उन्होंने सभी गैरेज मालिकों से अपनी निर्धारित जगह पर ही वाहनों की मरम्मत करने की अपील की।
नगर पालिका राजस्व निरीक्षक श्री भूषण देशमुख व इंजीनियर श्री बसंत कुजांम के द्वारा कहा गया कि एसबीआई और ग्रामीण बैंक के पास वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था किया जायेगा , ताकि वाहन निर्धारित स्थान पर खड़े हों और मुख्य मार्ग पर यातायात सुचारू रूप से संचालित हो सके।
यातायात प्रभारी रक्षित निरीक्षक श्री मोहसिन खान ने यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए सख्त निर्देश देते हुए कहा कि शहर में सामान की लोडिंग एवं अनलोडिंग के लिए निर्धारित समय तय किया जाएगा, ताकि व्यस्त समय में जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।
बैठक में परिवहन संघ व व्यापारी संघ के अध्यक्ष श्री पंकज जैन, सहित मुख्य मार्ग के अनेक दुकानदार एवं व्यापारी उपस्थित रहे। सभी ने शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रशासन के साथ सहयोग करने का आश्वासन दिया।



