नारायणपुर 30 अप्रैल 2026// जिले में कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कलेक्टर नम्रता जैन एवं जिला पंचायत सीईओ आकांक्षा शिक्षा खलखो स्वयं उनके घर पहुँचीं और उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। इस अवसर पर कलेक्टर ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें मिठाई खिलाकर एवं पुस्तक भेंट कर सम्मानित किया।
कक्षा 10वीं में जिले में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली विश्व दीप्ति हाई स्कूल की छात्रा भाविका देवांगन ने 94.33 प्रतिशत अंक अर्जित कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। कलेक्टर ने भाविका की अध्ययन के प्रति लगन और समर्पण की प्रशंसा की। भाविका ने भविष्य में प्रोफेसर बनने की इच्छा व्यक्त की, जिस पर कलेक्टर ने उन्हें निरंतर परिश्रम करने के लिए प्रेरित किया और परिवार को भी बधाई दी।
कक्षा 12वीं में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नारायणपुर की छात्रा मुस्कान पटेल ने 92.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया। कलेक्टर ने मुस्कान को मिठाई खिलाकर सम्मानित किया और आगे की पढ़ाई के संबंध में जानकारी ली। मुस्कान ने डॉक्टर बनकर समाज सेवा करने का लक्ष्य बताया, जिस पर कलेक्टर ने उनके संकल्प की सराहना करते हुए शुभकामनाएँ दीं। कक्षा 12वीं में द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली शासकीय स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट इंग्लिश मीडियम स्कूल, सिंगोड़ीतरई की छात्रा मोक्षिता कश्यप ने 88.60 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। कलेक्टर ने उन्हें भी मिठाई खिलाकर बधाई दी। मोक्षिता ने चार्टर्ड अकाउंटेंट बनने का लक्ष्य रखा है, जिस पर कलेक्टर ने उन्हें मेहनत और लगन से पढ़ाई जारी रखने की प्रेरणा दी।
कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ ने कहा कि जिले के विद्यार्थी लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं, जो पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी और अभिभावकों के योगदान की भी सराहना की।



