अमित दुबे की रिपोर्ट
रतनपुर। विजया किशोर रहाटकर ने कोरबा प्रवास के दौरान रतनपुर में अल्प प्रवास कर माँ महामाया देवी के दरबार में मत्था टेका और पूरे प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। उनके आगमन पर रतनपुर भाजपा परिवार एवं विभिन्न मोर्चों के कार्यकर्ताओं ने आत्मीय स्वागत किया।
इस अवसर पर रतनपुर में भाजपा के समस्त कार्यकर्ता, महिला मोर्चा, युवा मोर्चा, मंडल एवं अल्पसंख्यक मोर्चा के पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर राष्ट्रीय महिला आयोग अध्यक्ष का स्वागत करते हुए क्षेत्र के विकास और महिला सशक्तिकरण को लेकर चर्चा की।
विजया किशोर रहाटकर ने इस अवसर पर कहा कि माँ महामाया की पावन नगरी रतनपुर में आकर उन्हें विशेष आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव हुआ है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए केंद्र और राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है तथा समाज के हर वर्ग को इसमें सहभागिता निभानी चाहिए।
नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष लव कुश कश्यप ने कहा कि रतनपुर ऐतिहासिक और धार्मिक नगरी है, जहाँ देशभर से श्रद्धालु आते हैं। उन्होंने राष्ट्रीय महिला आयोग अध्यक्ष के आगमन को रतनपुर के लिए गौरव का विषय बताते हुए कहा कि इससे क्षेत्र को नई पहचान मिलेगी और विकास कार्यों को गति मिलेगी।
मंडल अध्यक्ष दुर्गा कश्यप (बबलू कश्यप) ने कहा कि पार्टी संगठन हमेशा समाजहित और जनसेवा के कार्यों में अग्रणी रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के अधिकार और सुरक्षा के लिए भाजपा सरकार की नीतियाँ प्रभावी रूप से कार्य कर रही हैं, जिससे समाज में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला और सभी ने माँ महामाया से प्रदेश की समृद्धि एवं खुशहाली की प्रार्थना की।





