Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज/कन्हैया सिंह ठाकुर
चारामा। कांकेर जिले के चारामा ब्लॉक के ग्राम सिरसिदा स्थित माध्यमिक शाला में पढ़ने वाला एक मयंक विश्कर्मा पिता अर्जुन विश्कर्मा कक्षा 6वी का छात्र शुक्रवार दोपहर खेल के दौरान गंभीर रूप से घायल हो गया। खेलते समय उसके पैर में गंभीर चोट लग गई एवं पैर फैक्चर हो गया ।
छात्र के पिता ने बताया कि दोपहर में विद्यालय से उन्हें फोन कर सूचना दी गई कि उनका बेटा खेलते समय घायल हो गया है। सूचना मिलते ही वे स्कूल पहुंचे। उनका कहना है कि घायल छात्र को तुरंत अस्पताल पहुंचाया जाना चाहिए था। उन्होंने आरोप लगाया कि 108 संजीवनी एंबुलेंस को कई बार फोन किया गया, लेकिन वह समय पर नहीं पहुंची। काफी देर बाद प्राइवेट गाड़ी से छात्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चारामा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला चिकित्सालय कांकेर के कोमलदेव अस्पताल रेफर किया गया।
परिजनों का आरोप है कि जिला अस्पताल पहुंचने के बाद भी छात्र का तुरंत इलाज नहीं किया गया। उनका कहना है कि बच्चा दर्द से कराहता रहा। इस दौरान उसे अलग-अलग समय पर दो बार दर्द का इंजेक्शन लगाया गया, जबकि अगले दिन इलाज करने की बात कही गई।
घटना के बाद छात्र के पिता ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि एक ओर शासन-प्रशासन द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार निर्देश दिए जाते हैं और 108 संजीवनी जैसी आपातकालीन सेवाएं संचालित की जा रही हैं, लेकिन जरूरत के समय एंबुलेंस के देर से पहुंचने और अस्पताल में समय पर उपचार नहीं मिलने से आम लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। पालक द्वारा खण्ड शिक्षा अधिकारी चारामा को आर्थिक सहायता की मांग के लिये आवेदन की गई है क्योंकि वह एक गरीब परिवार का व्यक्ति है।




