Oplus_131072
नारायणपुर पुलिस एवं बीएसएफ की संयुक्त सर्चिंग में महत्वपूर्ण सफलता।
.315 राइफल, कारतूस, इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, कॉर्डटेक्स एवं अन्य सामग्री बरामद।
बुलंद टाइम्स न्यूज/सुरेश सोनी
नारायणपुर। नक्सल गतिविधियों से मुक्त हो चुके नारायणपुर जिले को पूरी तरह सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से सुरक्षा बलों द्वारा लगातार सघन सर्चिंग एवं एरिया डॉमिनेशन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में नारायणपुर पुलिस एवं बीएसएफ की संयुक्त टीम को महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है।
पुलिस अधीक्षक श्री संदीप पटेल एवं 129वीं वाहिनी बीएसएफ के कमाण्डेंट श्री मुकेश कुमार के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) श्री अक्षय साबद्रा के मार्गदर्शन में नारायणपुर जिले के दुर्गम एवं अंदरूनी क्षेत्रों में सुरक्षा बलों द्वारा लगातार समन्वित सर्च अभियान संचालित किया जा रहा है।
इसी क्रम में दिनांक 02.09.2026 को नारायणपुर पुलिस एवं बीएसएफ की संयुक्त टीम द्वारा हाच्चेकोटी के जंगल क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया गया। सघन सर्चिंग के दौरान जंगल क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा पूर्व में छिपाकर रखे गए हथियार, कारतूस एवं विस्फोटक सामग्री का पता चला।
सुरक्षा बलों द्वारा संदिग्ध स्थान की सावधानीपूर्वक तलाशी लेने पर निम्न सामग्री बरामद की गई—
बरामद सामग्री…
.315 राइफल (जंग लगी एवं बट रहित) – 01 नग
.315 के कारतूस – 16 नग
.303 के कारतूस – 02 नग
7.62 एमएम के कारतूस – 04 नग
5.56 एमएम का कारतूस – 01 नग
12 बोर के कारतूस – 18 नग
इलेक्ट्रिक डेटोनेटर – 06 नग
कमर्शियल कॉर्डटेक्स – 02 बंडल
नक्सली साहित्य
फ्लेक्सिबल वायर एवं एलईडी लाइट
पाउच स्ट्रिप – 02 नग
पुराने नक्सली डंप की तलाश लगातार जारी…
नक्सल गतिविधियों से मुक्त हो चुके क्षेत्रों में भी सुरक्षा बलों द्वारा लगातार सर्चिंग एवं एरिया डॉमिनेशन अभियान चलाया जा रहा है। जंगलों एवं दुर्गम क्षेत्रों में नक्सलियों द्वारा पूर्व में छिपाकर रखे गए पुराने हथियार, गोला-बारूद एवं विस्फोटक सामग्री की लगातार तलाश की जा रही है, ताकि क्षेत्र को नक्सल गतिविधियों के अवशेषों से पूरी तरह मुक्त किया जा सके।
हाच्चेकोटी के जंगल में बरामद हथियार, गोला-बारूद एवं विस्फोटक सामग्री को निष्क्रिय करना क्षेत्र की सुरक्षा को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता है।
नारायणपुर पुलिस एवं बीएसएफ द्वारा संयुक्त रूप से संचालित इन अभियानों से जिले के अंदरूनी क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत हुई है। सुरक्षा बल क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ नक्सल गतिविधियों के बचे हुए अवशेषों को समाप्त करने के लिए निरंतर कार्रवाई कर रहे हैं।




