Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज/अनीष मिश्रा
रायपुर। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के मार्गदर्शन में जिले के विद्यार्थियों को बेहतर कैरियर के लिए मार्गदर्शन देने की दिशा में जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, रायपुर द्वारा विशेष पहल की जा रही है। इसी क्रम में उपसंचालक रोजगार श्रीमती पुष्पा चौधरी ने बुधवार को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सुंदरकेरा, अभनपुर तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परसदा, सोंढ में अध्ययनरत कुल 229 विद्यार्थियों को व्यावसायिक एवं कैरियर मार्गदर्शन प्रदान किया।

मार्गदर्शन सत्र के दौरान विद्यार्थियों को अपनी रुचि, क्षमता और कौशल (स्किल्स) की पहचान करने तथा इन्हीं के अनुरूप भविष्य के लिए उपयुक्त कैरियर विकल्प चुनने की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध रोजगार एवं व्यावसायिक अवसरों, आवश्यक शैक्षणिक योग्यताओं और भविष्य की संभावनाओं के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी गई।
रुचि और क्षमता के अनुरूप कैरियर चुनने पर जोर
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बताया गया कि सही समय पर अपनी रुचि और क्षमताओं को पहचानकर कैरियर का चुनाव करने से वे अपने लक्ष्य की बेहतर तैयारी कर सकते हैं। इस दौरान स्किल डेवलपमेंट के महत्व पर भी चर्चा की गई तथा विद्यार्थियों को बदलते रोजगार बाजार के अनुरूप आवश्यक कौशल विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया।
विद्यार्थियों को दी गई सही दिशा
जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र द्वारा आयोजित ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ रोजगार और स्वरोजगार के उपलब्ध अवसरों की जानकारी देना है, ताकि वे अपनी योग्यता, रुचि और कौशल के आधार पर भविष्य के लिए बेहतर निर्णय ले सकें।
अधिकारियों ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने तथा उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाकर अपने सपनों के अनुरूप कैरियर बनाने के लिए प्रेरित किया।




