Oplus_131072
रतनपुर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा, धारदार चाकू जब्त; आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई
बुलंद टाइम्स न्यूज/अमित दुबे
रतनपुर। थाना रतनपुर क्षेत्र के ग्राम कडरी में आम जगह पर धारदार चाकू दिखाकर आने-जाने वाले लोगों को डराने-धमकाने वाले एक युवक के खिलाफ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से एक धारदार चाकू बरामद कर जब्त किया। आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 13 सितंबर 2026 को थाना रतनपुर पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम कडरी के नवाडीह चौक के पास एक व्यक्ति धारदार चाकू लेकर लोगों को डरा-धमका रहा है। सार्वजनिक स्थान पर चाकू दिखाकर भय का माहौल बनाए जाने की सूचना को पुलिस ने गंभीरता से लिया।
मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को देने के बाद थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय के निर्देशन में तत्काल पुलिस टीम गठित की गई। टीम को ग्राम कडरी रवाना किया गया, जहां पुलिस ने नवाडीह चौक के आसपास घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार पकड़े गए युवक की पहचान शाहिद खान उर्फ सोहेल खान, पिता नईम खान, उम्र 23 वर्ष, निवासी कडरी, थाना रतनपुर, जिला बिलासपुर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक धारदार चाकू बरामद किया गया। पुलिस ने चाकू को जब्त कर आरोपी को थाना लाया।
इसके बाद आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत आर्म्स एक्ट में कार्रवाई की गई। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया।
पुलिस टीम का रहा विशेष योगदान
इस कार्रवाई में थाना रतनपुर के वर्तमान थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक अंजली वर्मा, आरक्षक आकाश डोंगरे एवं देवानंद चन्द्राकर का विशेष योगदान रहा।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से सार्वजनिक स्थान पर हथियार लेकर लोगों को डराने-धमकाने की घटना पर तत्काल अंकुश लगा। पुलिस ने क्षेत्र में इस तरह की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने और असामाजिक तत्वों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।




