Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज, तमता। पत्थलगांव विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत शेखरपुर स्थित औघड़ आश्रम और ग्राम पंचायत तमता के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम स्कूल के सामने लगातार बढ़ रहे हादसों को रोकने के लिए स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग जोर पकड़ने लगी है।
औघड़ आश्रम के प्रमुख संतोष बाबा ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आश्रम के सामने से डूमरबहार और फुलेता के लिए पीडब्ल्यूडी की मुख्य सड़क गुजरती है। इस मार्ग पर दिनभर दर्जनों छोटे-बड़े वाहन अत्यधिक तेज गति से आवाजाही करते हैं। आश्रम और सड़क के दोनों ओर छोटे बच्चों तथा श्रद्धालुओं का लगातार आना-जाना लगा रहता है, जिससे हर समय किसी गंभीर दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। उन्होंने जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विभाग से जल्द से जल्द स्पीड ब्रेकर बनाने की गुहार लगाई है।
वहीं, ग्राम पंचायत तमता के ग्रामीणों ने बताया कि स्वामी आत्मानंद स्कूल के सामने भी पूर्व में कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। हाल ही में सड़क पार कर रही एक स्कूली बच्ची को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी थी, जिसमें वह बाल-बाल बची। ग्रामीणों ने मांग की है कि ऐसे संवेदनशील, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और खतरनाक मोड़ों पर गति पर नियंत्रण हेतु स्पीड ब्रेकर बनाए जाएं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए लोक निर्माण विभाग (PWD) पत्थलगांव के एसडीओ (SDO) संतोष पैकरा से चर्चा की गई।
> पीडब्ल्यूडी एसडीओ संतोष पैकरा का बयान:
> “स्कूली बच्चों और राहगीरों की सुरक्षा प्राथमिकता है। कंक्रीट के ब्रेकर से हादसों का खतरा बना रहता है, इसलिए डामर (तारकोल) का व्यवस्थित स्पीड ब्रेकर बनवाया जाएगा। बारिश के मौसम के बाद 15 अक्टूबर से डामर का कार्य शुरू होते ही दोनों स्थलों (औघड़ आश्रम और तमता स्कूल) के पास नियमानुसार छोटे स्पीड ब्रेकर बनवा दिए जाएंगे।”




