Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज/अमित दुबे
बिलासपुर। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बिलासपुर पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने नशीली दवाइयों और गांजा की अवैध बिक्री करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, थाना सिटी कोतवाली को अवैध मादक पदार्थ की बिक्री किए जाने की मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 17 सितंबर 2026 को ज्वाली नाला के पीछे मेडिकल कॉम्प्लेक्स के पास घेराबंदी कर एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा।
पकड़े गए आरोपी की पहचान पप्पू खटीक, पिता बाबू लाल खटीक, उम्र 35 वर्ष, निवासी डी.पी. कॉलेज के पीछे टिकरापारा, थाना सिटी कोतवाली, जिला बिलासपुर के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ACETAMINOPHEN PROXYCO CAPSULES के 240 नग तथा 80 ग्राम गांजा बरामद किया। जब्त सामग्री के आधार पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 533/2026, धारा 20(A), 21(B), 22(B) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक नशीली दवाइयों के अवैध कारोबार से जुड़े मामलों में एंड-टू-एंड विवेचना के साथ-साथ संलिप्त आरोपियों के फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन पर भी जोर दिया जा रहा है, ताकि अवैध नशे के कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क तक पहुंचकर नियमानुसार कार्रवाई की जा सके।




