अमित दुबे की रिपोर्ट
रतनपुर, बिलासपुर। धार्मिक एवं पौराणिक नगरी रतनपुर में दो अलग-अलग स्थानों पर चोरी की वारदातों का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर एक घर और सद्गुरु कबीर आश्रम में घुसकर सोने-चांदी के जेवर, कपड़े और चांदी का छत्र चोरी करने का आरोप है। रतनपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को चंद घंटों के भीतर पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान बरामद किया गया है, जिसकी कुल कीमत लगभग 2 लाख 14 हजार रुपये बताई गई है। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
घर और आश्रम को बनाया निशाना
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ढोलपारा निवासी बलराम बरगाह ने थाना रतनपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 1 अक्टूबर 2026 की रात वह अपने घर में दरवाजा बंद कर अकेले सो रहे थे। सुबह उठने पर उन्होंने देखा कि घर का दरवाजा खुला हुआ था। घर के अंदर रखी पेटी की जांच करने पर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवर और साड़ियां गायब मिलीं।
चोरी हुए सामान में चांदी का एक जोड़ा लच्छा, एक ब्रेसलेट, चांदी की चेन, एक जोड़ा चूड़ा, सोने का मंगलसूत्र, सोने की फुल्ली, एक जोड़ा टॉप्स तथा लगभग 10 से 12 साड़ियां शामिल थीं। प्रार्थी ने चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 1 लाख 60 हजार रुपये बताई।
इसी रात चोरी की दूसरी वारदात सद्गुरु कबीर आश्रम, रतनपुर में हुई। आश्रम निवासी प्रेमदास शास्त्री ने पुलिस को बताया कि आश्रम के कमरे का ताला तोड़कर अज्ञात चोर करीब 500 ग्राम वजन का चांदी का छत्र चोरी कर ले गया। इसकी कीमत लगभग 80 हजार रुपये आंकी गई।
दोनों मामलों में रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू की।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई
लगातार हुई चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी रतनपुर निरीक्षक निलेश पाण्डेय ने आरोपियों की पतासाजी के लिए पुलिस टीम गठित की। पुलिस द्वारा संभावित ठिकानों पर जानकारी जुटाने के साथ मुखबिरों को भी सक्रिय किया गया।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि दो व्यक्ति सोने-चांदी के जेवर औने-पौने दामों पर बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों संदेहियों को पकड़कर थाना लाया और पूछताछ की।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान दोनों ने बलराम बरगाह के घर और सद्गुरु कबीर आश्रम में चोरी की घटनाओं को स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के जेवर, कपड़े और अन्य सामान बरामद किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
रतनपुर पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार है—
1. रामकुमार केंवट, पिता बेदप्रसाद केंवट, उम्र 35 वर्ष, निवासी ढोलपारा, करैहापारा, रतनपुर।
2. जोतराम केंवट, पिता धनीराम केंवट, उम्र 28 वर्ष, निवासी खाल्हेपारा, करैहापारा, रतनपुर।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
चोरी की दोनों घटनाओं का त्वरित खुलासा करने की इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रतनपुर निरीक्षक निलेश पाण्डेय के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक बलदेव सिंह, आरक्षक देवानंद चन्द्राकर एवं आरक्षक आकाश डोंगरे का विशेष योगदान रहा।
रतनपुर पुलिस की इस कार्रवाई से चोरी की घटनाओं की जांच में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई पूरी करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।




