चिरमिरी/एमसीबी। मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले के चिरमिरी में न्यायालय परिसर से एसी का कॉपर पाइप चोरी करने के मामले में पुलिस ने चोरी का माल खरीदने वाले कबाड़ी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। इस मामले में चोरी करने वाले आरोपियों के खिलाफ पहले ही कार्रवाई की जा चुकी है।
न्यायालय परिसर को बनाया था निशाना
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 2 सितंबर 2026 को मनीष कुमार पैकरा निवासी बी-टाइप गोदरीपारा ने व्यवहार न्यायालय चिरमिरी में आवेदन देकर शिकायत की थी कि अज्ञात आरोपियों ने न्यायालय परिसर में लगे एसी का कॉपर (तांबा) पाइप चोरी कर लिया है।
शिकायत के आधार पर थाना चिरमिरी में अपराध क्रमांक 337/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पूछताछ में खुला चोरी के सामान का राज
विवेचना के दौरान थाना प्रभारी वासुदेव परगनिहा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छोटाबाजार निवासी जितेश कुमार को पकड़कर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपने साथी अजय उर्फ अज्जू सोनवानी निवासी बड़ा बाजार के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपियों ने चोरी किए गए कॉपर पाइप को मनेंद्रगढ़ स्थित चुनमुन की कबाड़ दुकान में बेचने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने चोरी का सामान बरामद किया और चोरी में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।
चोरी का माल खरीदने वाला कबाड़ी भी गिरफ्तार
मामले में आगे की कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 4 नवंबर 2026 को कबाड़ी दुकान संचालक रियाजुद्दीन उर्फ चुनमुन पिता सिराजुद्दीन, निवासी मनेंद्रगढ़ को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।
एसपी के निर्देशन में हुई कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्रीमती रत्ना सिंह (IPS) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल विश्वकर्मा और नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में की गई।
कार्रवाई में थाना प्रभारी चिरमिरी वासुदेव परगनिहा, सहायक उपनिरीक्षक विपिन मिंज, प्रधान आरक्षक अशोक मलिक (क्रमांक 54) और आरक्षक सुरेश तिग्गा (क्रमांक 133) की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एमसीबी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में चोरी सहित अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।




