योगेश्वर साहू की रिपोर्ट
गरियाबंद / छुरा – घटारानी
ग्राम फुलझर, मुरमुरा और धुरसा में भाई दूज का पर्व और मातर उत्सव इस बार बड़े हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है। गांव के हर घर में उत्सव का माहौल देखने को मिल रहा है। सुबह से ही ग्रामीणों में उत्साह नजर आया और देर शाम तक कार्यक्रमों का दौर जारी रहा।
भाई दूज के पावन अवसर पर बहनों ने अपने भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा, माथे पर तिलक लगाया और उनकी लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। भाइयों ने भी बहनों को उपहार देकर स्नेह का आदान-प्रदान किया। भाई-बहन के अटूट रिश्ते का यह पर्व गांव में परंपरा और संस्कारों के साथ मनाया गया।
फुलझर मातर उत्सव में भव्य रावत नृत्य का आयोजन रखा गया है, जो इस उत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण बना हुआ है। रावत नर्तकों की टोली ने पारंपरिक वेशभूषा, मोर पंख मुकुट, ढोल-नगाड़ों की थाप पर मनमोहक प्रस्तुति दी। रावत नृत्य देखने के लिए फुलझर के साथ-साथ मुरमुरा, धुरसा और आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
ग्रामीणों ने बताया कि मातर उत्सव मनाने के बाद किसान नई फसल की कटाई-मिसाई के बाद गांव में मड़ई मेला का आयोजन करते हैं। यह मेला गांव की एकता, भाईचारे और संस्कृति का प्रतीक होता है।
फुलझर मातर उत्सव में श्रीराम रामचरितमानस का आयोजन भी होगा, जिसमें श्रद्धालु भक्तिभाव से शामिल होंगे। इसके साथ ही रात्रिकालीन प्रसाद वितरण का भी आयोजन किया जाएगा।
मातर उत्सव कार्यक्रम में ग्रामीण अध्यक्ष डिहु राम साहू, उपाध्यक्ष ईश्वर यादव, सचिव रूपेश कुमार ध्रुव, सरपंच संतोष दिवान, उपसरपंच हेमलाल यादव, फगेश्वर साहू, जहुर दिवान,पुरानिक ध्रुव, भागीराम दिवान, यादव भाई एवं समस्त ग्रामवासी फुलझर उपस्थित थे। सभी ने मिलकर कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग दिया।
गांव में उत्सव को लेकर सुरक्षा और व्यवस्था के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे आयोजनों से गांव में आपसी प्रेम, भाईचारा और सांस्कृतिक विरासत मजबूत होती है।







