सरफ़राज़ अंसारी की रिपोर्ट बुलंद टाइम्स बीजापुर
बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में करीब 2 करोड़ रुपये के सोने-चांदी और नकदी की लूट की सूचना ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया था। नेलसनार थाना क्षेत्र के पांडेमुर्गा चौक के पास नेशनल हाईवे-63 पर पिस्टल और चाकू दिखाकर लूट की वारदात होने की शिकायत मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तीन विशेष टीमों का गठन कर सरहदी जिलों और राज्य की सीमाओं पर नाकेबंदी कराई। हालांकि, जांच आगे बढ़ी तो पूरा मामला ही फर्जी निकला। पुलिस के मुताबिक, कर्ज के दबाव से परेशान ज्वेलरी कारोबारी ने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की मनगढ़ंत कहानी तैयार की थी।
पिस्टल और चाकू दिखाकर 2 करोड़ की लूट का किया था दावा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 9 नवंबर 2026 को गीदम निवासी सोने-चांदी के व्यापारी स्वरूप सोनी ने नेलसनार थाने पहुंचकर कथित लूट की शिकायत दर्ज कराई थी। व्यापारी भैरमगढ़ में ज्वेलरी की दुकान संचालित करता था। उसने बताया कि वह 9 नवंबर की शाम करीब 6 बजे तूफान वाहन से गीदम लौट रहा था। वाहन में उसके साथ कपड़ा व्यापारी ललित बुरड और चालक देवेंद्र ठाकुर भी मौजूद थे।
व्यापारी के अनुसार, नेशनल हाईवे-63 पर पांडेमुर्गा के आसपास जंगल के पास तीन अज्ञात लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने पिस्टल और चाकू जैसे हथियार दिखाकर बैग लूट लिया, जिसमें करीब 2 करोड़ रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी रखी हुई थी। इसके अलावा तीनों के मोबाइल फोन भी लूटने की बात कही गई थी।
एसपी ने बनाई तीन विशेष टीमें, 100 से ज्यादा CCTV कैमरों की जांच
करीब 2 करोड़ रुपये की कथित लूट की सूचना मिलते ही बीजापुर पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल तीन अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया। आरोपियों की तलाश के लिए आसपास के जिलों और राज्य की सीमाओं पर नाकेबंदी कराई गई। पूरे अभियान की निगरानी स्वयं एसपी कर रहे थे।
पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। करीब 16 घंटे तक लगातार नाकेबंदी और संदिग्ध गतिविधियों की जांच की गई।
जंगल में एक साथ मिले तीनों मोबाइल, यहीं से गहराया शक
जांच के दौरान पुलिस को कथित रूप से लूटे गए तीनों मोबाइल फोन का लोकेशन मिला। इसके बाद हाईवे से लगे जंगल में तीनों मोबाइल एक ही स्थान पर सुरक्षित और चालू हालत में बरामद हुए। इस घटनाक्रम ने पुलिस की जांच को नया मोड़ दे दिया।
पुलिस को मामले में संदेह होने पर शिकायतकर्ता व्यापारी और उसके साथ मौजूद दोनों लोगों की पृष्ठभूमि खंगाली गई। तकनीकी साक्ष्यों और अन्य जानकारियों के आधार पर तीनों से अलग-अलग पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान उनके बयानों में विरोधाभास सामने आने लगे।
कर्ज के दबाव में रची थी लूट की झूठी कहानी
पुलिस जांच में सामने आया कि ज्वेलरी कारोबारी स्वरूप सोनी पर काफी कर्ज था और कर्ज चुकाने के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा था। पुलिस के मुताबिक, व्यापारी फिलहाल कर्ज चुकाने की स्थिति में नहीं था। इसी परेशानी से बचने के लिए उसने कथित लूट की झूठी कहानी तैयार की।
पूछताछ में व्यापारी ने स्वीकार किया कि उसके साथ लूट की कोई वारदात नहीं हुई थी। उसने कर्ज के दबाव से बचने के उद्देश्य से पूरी घटना को मनगढ़ंत तरीके से पेश किया था। इस कथित साजिश में उसने कपड़ा व्यापारी ललित बुरड और वाहन चालक देवेंद्र ठाकुर को भी शामिल किया था। तीनों ने मिलकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की थी।
एसपी के नेतृत्व में तीन थानों की टीम ने किया खुलासा
इस पूरे मामले का खुलासा पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन और नेतृत्व में किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल तथा भैरमगढ़ एसडीओपी नवीन एक्का के निर्देशन में तीन अलग-अलग टीमों ने जांच की।
कार्रवाई में बीजापुर कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश शर्मा, भैरमगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक गिरीश तिवारी और नेलसनार थाना प्रभारी निरीक्षक विवेकानंद पटेल की टीम शामिल रही।
एसपी ने आम लोगों से की अपील
मामले के खुलासे के बाद पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता ने आम नागरिकों से अपील की है कि पुलिस को कभी भी झूठी सूचना देकर गुमराह करने का प्रयास न करें। उन्होंने कहा कि झूठी शिकायत और भ्रामक जानकारी देना आपराधिक कृत्य है। ऐसी स्थिति में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
पुलिस की इस जांच में करीब 2 करोड़ रुपये की कथित लूट का मामला झूठा साबित हुआ और शिकायत के पीछे कर्ज के दबाव में बनाई गई कहानी सामने आई।







