दन्तेवाड़ा। ऑल इंडिया ड्राइवर जॉइंट कमेटी एवं मां दंतेश्वरी ड्राइवर कल्याण संघ जिला दन्तेवाड़ा (छत्तीसगढ़) ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर 12 नवंबर 2026 से अनिश्चितकालीन स्टेरिंग छोड़ो आंदोलन शुरू करने का ऐलान किया है।
संगठन की ओर से जारी अपील में सभी वाहन चालकों से आंदोलन में एकजुट होकर शामिल होने का आह्वान किया गया है। ड्राइवरों का कहना है कि लंबे समय से अपनी जायज मांगों को लेकर आवाज उठाई जा रही है, लेकिन अब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है। इसी के चलते उन्होंने आंदोलन का रास्ता अपनाने का निर्णय लिया है।
ड्राइवरों की प्रमुख मांगें
संगठन ने सरकार के सामने निम्नलिखित मांगें रखी हैं।
1. ड्राइवर आयोग एवं ड्राइवर कल्याण बोर्ड का गठन किया जाए।
2. ड्राइवर वेलफेयर बोर्ड का गठन किया जाए।
3. प्रत्येक ड्राइवर को 20 लाख रुपये का बीमा प्रदान किया जाए।
4. 60 वर्ष की आयु पूरी होने के बाद ड्राइवरों को पेंशन दी जाए।
5. प्रत्येक वर्ष 1 सितंबर को राष्ट्रीय ड्राइवर दिवस पर सरकारी छुट्टी घोषित की जाए।

दीपावली घर पर मनाने की अपील
संगठन ने सभी ड्राइवर साथियों से अपील की है कि 12 नवंबर से अपने वाहनों को खड़ा कर दें और अपनी मांगों के समर्थन में घर पर रहें। जब तक सरकार उनकी मांगों पर ध्यान नहीं देती, तब तक आंदोलन जारी रखने की बात कही गई है।
अपील में कहा गया है कि यह आंदोलन केवल एक दिन का नहीं, बल्कि अपने अधिकारों की लड़ाई है। ड्राइवरों से एकता बनाए रखने और शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन में सहयोग करने की अपील की गई है।
अब देखना होगा कि ड्राइवरों की इन मांगों पर सरकार क्या कदम उठाती है और आंदोलन का आगे क्या असर पड़ता है।







