सुरेश सोनी की रिपोर्ट :-
नारायणपुर। जिले के कुकड़ाझोर थाना क्षेत्र के ग्राम कोचवाही में मजदूरी के पैसों को लेकर हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। विवाद के दौरान एक व्यक्ति के साथ मारपीट की गई, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान रायपुर में उसकी मौत हो गई। मामले में नारायणपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी परदेशी राम नेताम (30 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया फावड़ा भी जब्त किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम कोचवाही में स्कूल में किए गए कार्य की मजदूरी के पैसों को लेकर रंजन यादव और परदेशी राम नेताम के बीच विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते 11 नवंबर 2026 को आरोपी ने रंजन यादव के साथ मारपीट कर दी। इस दौरान उसके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं।
घायल रंजन यादव को उपचार के लिए जिला अस्पताल नारायणपुर में भर्ती कराया गया था। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान 15 नवंबर 2026 को उसकी मौत हो गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए नारायणपुर पुलिस ने मामले की जांच तेज की। पूछताछ के दौरान आरोपी परदेशी राम नेताम ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में वारदात में इस्तेमाल किया गया फावड़ा जब्त किया।
पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने 17 नवंबर 2026 को आरोपी परदेशी राम नेताम, पिता अंकूराम नेताम, निवासी ग्राम कोचवाही (गौठानपारा), थाना कुकड़ाझोर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ थाना कुकड़ाझोर में अपराध क्रमांक 07/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 115(2), 351(2) और 103 के तहत कार्रवाई की गई। उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जिले में गंभीर अपराधों पर अंकुश लगाने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल के निर्देशन तथा वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कुकड़ाझोर कृष्णा साहू सहित पुलिस टीम की भूमिका रही।







