रिपोर्ट: लता नाग
बुलंद टाइम्स न्यूज़ | छत्तीसगढ़
दन्तेवाड़ा/बचेली। बचेली वार्ड क्रमांक 03 निवासी गंगा ठाकुर अपने बेटे की मौत के 16 महीने बाद भी न्याय और मुआवजे के लिए भटक रही हैं। मंगलवार को वे अपनी दोनों बेटियों और परिजनों के साथ कलेक्टर कार्यालय पहुंचीं और ज्ञापन सौंपकर न्याय की मांग की।
परिजनों के अनुसार , 28 जुलाई 2025 को ग्राम हाउरनार में पाइपलाइन निर्माण के दौरान खोदे गए गड्ढे में गिरकर उनके इकलौते बेटे की पानी में डूबने से मौत हो गई थी। परिवार का आरोप है कि गड्ढों के आसपास सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम और चेतावनी बोर्ड नहीं लगाए गए थे।
घटना के बाद नौकरी और उचित मुआवजे का आश्वासन दिया गया था, लेकिन 16 महीने बीतने के बाद भी मांगें पूरी नहीं हुईं।
गंगा ठाकुर ने प्रशासन से परिवार के सदस्य को नौकरी, उचित मुआवजा तथा दोनों बेटियों की शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण की व्यवस्था करने की मांग की है।
इस दौरान छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस (जे) के जिला अध्यक्ष रेमोन मड़कामी भी मौजूद रहे। उन्होंने सात दिनों के भीतर कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।







