सी एल साहू की रिपोर्ट :-
उत्तर बस्तर कांकेर| जिला प्रशासन, जिला पुलिस बल एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 30 नवम्बर तक विभिन्न चरणों में बस्तर ओलंपिक 2024 का आयोजन किया जाएगा, जिसके प्रथम चरण में 1 से 20 अक्टूबर तक खिलाड़ियों का पंजीयन एवं 21 से 30 अक्टूबर तक जोन स्तरीय (पंचायत), 01 से 15 नवम्बर के बीच विकासखण्ड स्तरीय आयोजन किया जाएगा।
जिला खेल अधिकारी ने बताया कि इसी प्रकार जिला स्तरीय आयोजन 15 से 25 नवम्बर के बीच और संभाग स्तरीय आयोजन 26 से 30 नवम्बर के बीच तीन दिवसीय जगदलपुर में प्रस्तावित किया गया है। इसमें एथलेटिक्स 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, गोला फेंक, तवा फेंक, रिले रेस, तीरंदाजी 30 एवं 50 मीटर, बैडमिंटन, फुटबॉल, कराटे, कबड्डी, खो-खो, व्हालीबॉल, वेटलिफ्टिंग, हॉकी, एवं रस्साकसी जैसे कुल 11 खेल विधाएं आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि इसके तहत जूनियर वर्ग 14 से 17 वर्ष एवं सीनियर वर्ग में 17 से अधिक कोई भी महिला तथा पुरुष खिलाड़ी भाग ले सकता है। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं नोडल ऑफिसर सुमीत अग्रवाल द्वारा संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों को व्यापक प्रचार-प्रसार, पंजीयन, खेल मैदान, खिलाड़ियों हेतु व्यवस्था इत्यादि के संबंध में तथा सभी ग्राम पंचायत एवं स्कूलो में अधिक से अधिक पंजीयन हेतु निर्देशित किया गया है।
उन्होंने कहा कि माओवादी प्रभावित दिव्यांगों और आत्मसमर्पित माओवादियों के लिए प्रतियोगिताएं सीधे संभाग स्तर पर आयोजित की जाएंगी। आयोजन में विजयी खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र, ट्रॉफी, शील्ड और नगद पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा। पंजीकरण के लिए खिलाड़ियों को आधार कार्ड, फोटो एवं बैंक खाता विवरण प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
पंजीयन बार कोड एवं लिंक के माध्यम से खिलाड़ी स्वयं कर सकते हैं। विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत कार्यालय, मुख्य नगर पालिका अधिकारी कार्यालय एवं अपने संस्था के व्यायाम शिक्षकों के माध्यम से भी पंजीयन करा करते हैं।



