सुरेश सोनी की रिपोर्ट :-
नारायणपुर | हाल ही में भारतीय सैन्य बलों द्वारा संचालित ऑपरेशन सिंदूर की अभूतपूर्व सफलता ने पूरे देश को गर्व से सराबोर कर दिया है। भारतीय सैनिकों ने साहस, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति का अनुकरणीय परिचय देते हुए न केवल देश की सीमाओं की रक्षा की, बल्कि भारत की सैन्य शक्ति और तकनीकी प्रगति का प्रभावशाली संदेश भी वैश्विक पटल पर पहुँचाया।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि को जन-जन तक पहुँचाने और भारतीय सेना के सम्मान में पूरे समाज की सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय स्वाभिमान मंच, जिला नारायणपुर ने जिला प्रशासन को एक महत्वपूर्ण ज्ञापन सौंपा है। मंच ने मांग की है कि सेना के प्रति कृतज्ञता प्रकट करते हुए विभिन्न संस्थानों और संगठनों को निर्देशित किया जाए कि वे ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के उपलक्ष्य में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन करें।
मांगों के मुख्य बिंदु इस प्रकार हैं:
सभी सरकारी व गैर-सरकारी संस्थाओं, विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं सामाजिक संगठनों में भारतीय सेना के सम्मान में संगोष्ठी, रैलियाँ एवं सम्मान समारोह आयोजित किए जाएँ।
वर्तमान केंद्र सरकार के नेतृत्व में वैश्विक मंच पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा को लेकर जनचर्चा को प्रोत्साहित किया जाए।
आम नागरिकों को देशभक्ति, एकता और अखंडता की भावना से जोड़ते हुए राष्ट्रीय स्वाभिमान जागरण अभियान में भागीदारी हेतु प्रेरित किया जाए।
प्रशासनिक सहयोग और मार्गदर्शन से ऐसे आयोजनों को सफल बनाने के लिए ठोस पहल की जाए।
मीडिया व सोशल मीडिया के माध्यम से इस अभियान को व्यापक प्रचार-प्रसार मिले।
भारत की छवि को धूमिल करने वाले किसी भी व्यक्तिगत या सामूहिक प्रयास को कड़ाई से रोका जाए और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाए।
देश में अवैध रूप से रह रहे घुसपैठियों की सघन जांच कर उन्हें निष्कासित करने की ठोस योजना बनाई जाए।
मंच ने विश्वास जताया है कि प्रशासन के सहयोग से यह अभियान पूरे जिले और देश में जन-जन तक पहुँचेगा और भारतीय सेना के प्रति आदर, श्रद्धा व समर्थन की भावना और भी सुदृढ़ होगी।



