हेमू साय की रिपोर्ट:-
जगदलपुर। जिले के दरभा विकासखण्ड अंतर्गत उप स्वास्थ्य केंद्र चिड़पाल के आश्रित ग्राम जूनापानी में लगातार तीसरे दिन भी रविवार को स्वास्थ्य शिविर लगाया गया।
इस दौरान दो नए मरीज सुखमति मंडावी पति फगनू मंडावी उम्र 40 वर्ष को उल्टी एवं बुखार की शिकायत और भुवनेश्वरी पिता मोसु उम्र 18 वर्ष को बुखार एवं दस्त की दिक्कत के चलते स्वास्थ्य परीक्षण करने सहित रक्त जांच के पश्चात आवश्यक दवाई दी गई और स्वास्थ्य शिक्षा प्रदान कर सतर्कता बरतने की समझाइश दी गई।
सीएमएचओ डॉ. संजय बसाक ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि विगत 06 जून को जूनापानी के जिन चार मरीजों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तोकापाल में भर्ती कराया गया था उन सभी को स्वास्थ्य लाभ होने पर वहां से डिस्चार्ज कर दिया गया है, वे सभी स्वस्थ हैं।
रविवार को ग्राम जूनापानी में स्वास्थ्य टीम द्वारा 12 घरों के 74 व्यक्तियों का सर्वे कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली गई। वर्तमान में गांव में स्थिति सामान्य है और सेक्टर प्रभारी सुभाष राजवाड़े, आरएचओ रविंद्र बघेल और एएनएम पद्मिनी मौर्य द्वारा कल सोमवार को भी जूनापानी में स्वास्थ्य शिविर लगाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि बारिश के मद्देनजर जिले के समस्त खण्ड चिकित्सा अधिकारियों और अन्य सभी मैदानी अमले को लगातार क्षेत्र भ्रमण कर मौसमी बीमारियों की स्थिति पर सतत निगरानी रखे जाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही कॉम्बेट चिकित्सा दलों को भी सक्रिय रहने निर्देशित किया गया है।




